logo

दुष्कर्म की कोशिश में असफल होने पर दरिंदों ने युवती के आंख में डाली एसिड, हालत गंभीर

13106news.jpg

द फॉलोअप टीम, भोपाल: 

मध्य प्रदेश में दरिंदों ने एक घिनौनी और खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। मामला एमपी के पन्ना जिले का है। यहां रेप की कोशिश में नाकाम रहने पर 2 युवकों ने एक 20 वर्षीय युवती की आंख में एसिड डाल दिया। युवती की आंखों की रौशनी चली गई। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक दरिंदों ने पहले युवती का अपहरण किया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 2 युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है। 

मध्य प्रदेश के बरहो गांव का मामला
मिली जानकारी के मुताबिक मामला एमपी के पन्ना जिला स्थित बरहो गांव का है। घटना वाले दिन युवती का उसके भाई सहित 2 युवकों ने अपहरण कर लिया। भाई-बहन को पास के खेत में ले जाया गया। यहां युवती के भाई की जमकर पिटाई की गई। जब लड़की ने इस पिटाई का विरोध किया तो दरिंदों ने उसके साथ बलात्कार करने की कोशिश की। भाई-बहन ने उनकी दरिंदगी का विरोध किया। बदमाशों को ये इतना नागवार गुजरा की उन्होंने युवती की आंखों में तेजाब डाल दिया। 

एसिड डाले जाने से लड़की ने खो दी आंख
घटना की जानकारी जैसे ही परिजनों को मिली, युवती को आनन-फानन में पन्ना जिला स्थित एक अस्पताल में पहुंचाया गया। यहां उसकी गंभीर स्थिति को देख चित्रकुट स्थित एक अन्य अस्पताल में रेफर कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से ही दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। मिली जानकारी के मुताबिक आरोपियों की पहचान सुमेर सिंह और गोल्डी राजा के रूप में की गई है। 

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया
मामले में पन्ना जिला के पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा का आधिकारिक बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि दोनों ही आरोपी पीड़िता के रिश्तेदार हैं। पुलिस ने दोनों को देर रात गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने बताया कि कुछ दिन पहले आरोपियों के परिवार की एक लड़की घर छोड़कर चली गई थी। आरोपियों को शक था की पीडि़ता ने उस लड़की की भागने में मदद की। उन्होंने पीड़िता से पूछा। जानकारी नहीं मिली तो उसका रेप करने की कोशिश की।