logo

कंगना ने लगाई बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाने की गुहार, रोते हुए फेसबुक में डाला वीडियो

8101news.jpg
द फॉलोअप टीम, मुंबई: 

पश्चिम बंगाल चुनावों को लेकर लगातार आपत्तिजनक पोस्ट करने की वजह से कंगना रनौत का ट्विटर अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया। अब कंगना रनौत ने फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया है। वीडियो में कंगना रनौत रोती हुई नजर आ रही हैं। कंगना रनौत ने कई अंतर्राष्ट्रीय मीडिया संस्थानों पर भारत के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया है। कंगना कहती हैं कि अंतर्राष्ट्रीय मीडिया पश्चिम बंगाल की हिंसा पर कुछ नहीं कर रहा। ये इंडिया के खिलाफ सीधी साजिश है। 

बंगाल को लेकर बीजेपी का रवैया गलत!
कंगना रनौत ने कहा कि वैसे तो वो मोदी सरकार की समर्थक हैं लेकिन बंगाल को लेकर उनके रवैये से निराश हैं। कंगना रनौत वीडियो में कहती हैं कि आप बंगाल में धरना देने जा रहे हैं। आप देशद्रोहियों से क्यों डर गये। क्या अब देशद्रोही इस देश को चलाएंगे। कंगना कहती हैं कि आज जब बंगाल में राष्ट्रपति शासन की जरूरत है तो हम क्यों डर रहे हैं। कंगना ने सरकार से पश्चिम बंगाल में हो रही हिंसा पर जल्द से जल्द कड़ा कदम उठाने की मांग की है। कंगना अक्सर विवादों में बनी रहती हैं। 

कंगना ने किया है कई आपत्तिजनक ट्वीट
पश्चिम बंगाल चुनाव के परिणाम आने के बाद से ही लगातार कंगना रनौत ट्विटर पर आपत्तिजनक ट्वीट करती रही हैं। कंगना रनौत ने सबसे पहले पश्चिम बंगाल की तुलना जम्मू कश्मीर से की थी। इसके बाद एक अन्य ट्वीट में कंगना रनौत ने बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की थी। एक अन्य पोस्ट में कंगना ने लिखा था कि बंगाल में गुंडई खत्म करने के लिए हमें सुपर गुंडई की जरूरत है। कंगना रनौत ने ये भी लिखा था कि मोदी जी अपना विराट रूप दिखाइये प्लीज। 

विवादों से गहरा नाता है कंगना रनौत का
कंगना रनौत और विवादों का काफी गहरा नाता है। कंगना रनौत का करण जौहर, तापसी पन्नू और स्वरा भास्कर से विवाद किसी से छुपा नहीं है। कंगना करण जौहर को मूवी माफिया, तापसी पन्नू को सस्ती कॉपी और स्वरा भास्कर को चापलूस बता चुकी हैं। हाल में ऑक्सीजन की कमी को लेकर कंगना ने कहा था कि लोगों ने पेड़ काट दिए और ज्यादा ऑक्सीजन खींच रहे हैं इसलिए ऑक्सीजन की कमी हो गयी।