logo

झारखंड आंदोलन के प्रणेता बिनोद बिहारी महतो ने दिया था-‘‘लड़ो और पढ़ो’’ का नारा : सुदेश महतो

13124news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि झारखंड आंदोलन के प्रणेता धरतीपुत्र बिनोद बिहारी महतो सदैव हमारे प्रेरणा पुंज बने रहेंगे। उनकी परिकल्पना आधारित संगठित,शिक्षित,स्वाभिमानी समाज निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ हम काम करते रहेंगे। ये रिश्ता दिल का है। विश्वास, आदर और सम्मान का है। बिनोद बिहारी महतो की जयंती के अवसर पर सिल्ली स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने ये बातें कही। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन के जनयोद्धा बिनोद बाबू की हमेशा यही सोच रही कि विकास की किरण जब तक अंतिम व्यक्ति तक न पहुंचे, संघर्ष जारी रखना होगा. इसके लिए बिनोद बाबू ने गांव-गांव में साधारण आदमी को अपने अधिकार व स्वाभिमान के लिए लड़ने की प्रेरणा दी।आजसू प्रमुख ने कहा कि बिनोद बाबू ने ‘‘लड़ो और पढ़ो’’ का नारा दिया था। उस नारे के मायने हैं। उनके श्रीमुख से निकली बातों में स्वायत्ता और स्वाभिमान का बोध होता है. झारखंड अलग राज्य निर्माण के 21 साल हो गए। जयंती के मौके पर यह तकाजा भी है कि आत्मावलोकन और मंथन करें कि बिनोद बाबू के सपने का झारखंड और उसका समाज किस मुकाम पर खड़ा है।

 

बिनोद बिहारी महतो के प्रपौत्र के निधान पर शोक

श्रद्धांजलि सभा में केंदीय सचिव सुशील महतो, संजय सिद्धार्थ महतो, सुनिल सिंह, जिप सदस्य गौतम साहू, बीणा देवी इत्यादि मुख्य रूप से में उपस्थित थे। गौरतलब है कि आजसू पार्टी ने पूरे राज्य में बिनोद बाबू की जयंती पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों पर चलने का संकल्प लिया। आज ही बिनोद बिहारी महतो के प्रपौत्र और पार्टी के दिवंगत विधायक राजकिशोर महतो के पौत्र हर्ष कुमार महतो के निधन की खबर पर पार्टी ने दुख जताया है। पार्टी प्रमुख सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि दुख की घड़ी में पार्टी परिवार के साथ खड़ी है. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों, मित्रों को दुख सहने की ताकत के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

 

2 अक्टूबर को राज्य की सभी 4404 पंचायतों में पंचायत सम्मेलन 

आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता ने जानकारी दी है कि आजसू पार्टी 2 अक्टूबर-गांधी जयंती के अवसर पर राज्य के सभी 4404 पंचायतों में एक साथ सम्मेलन करेगी। इसे लेकर आजसू पार्टी ने सभी स्तरों पर तैयारियां तेज कर दी है। इस सम्मेलन के जरिए पार्टी के कार्यकर्ता समर्थक जनता के सवालों पर संघर्ष तेज करने के साथ हर घर हर परिवार से सीधा और सामाजिक सरोकार बनाए रखने का संकल्प लेंगे। गांधीजी की परिकल्पना थी कि गांवों की स्वायत्त पंचायती व्यवस्था में ही देश की सच्ची प्रजातांत्रिक छवि देखी जा सकती है। 

 

ओबीसी आरक्षण को लेकर कांग्रेस कर रही दिखावा

केंद्रीय मुख्य कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि कांग्रेस को यह मालूम होना चाहिए कि वे सरकार का हिस्सा हैं और खुद निर्णय लेने के लिए सक्षम हैं। आरक्षण को लेकर उनके द्वारा किया जा रहा धरना बस एक दिखावा है। पिछले कुछ दिनों में लगातार कई ऐसी घटनाएं हुई हैं, जिसने राज्य के कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किये हैं। पत्रकार बैजनाथ महतो के बाद राहुल पांडेय पर भी हमला हुआ। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर एक के बाद एक हमला होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। झारखण्ड की छवि को धूमिल करने वाली ऐसी घटनाओं की जितनी भी निंदा की जाए कम है। सरकार राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था को गंभीरता से ले। साथ ही असामाजिक तत्वों, अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करे।