logo

भाजपा का आरोप : महिला विरुद्ध हिंसा के झारखंड में बन रहे रोज नए रिकॉर्ड: गंगोत्री कुजूर

bjp_mahila_pc.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

चान्हो में नाबालिग के साथ दुष्कर्म मामले को भाजपा लगातार उठा रही है। प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर ने आरोप लगाया है कि महिला बलात्कार, उत्पीड़न और हत्या में राज्य में रोज नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। रांची में भाजपा महिला मोर्चा की प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि एक आदिवासी नाबालिग बच्ची समाज और देश सेवा में जाने के लिए प्रतिदिन सुबह-सुबह दौड़ कर अपने आप को तैयार कर रही थी। लेकिन राज्य सरकार की विधि व्यवस्था लचर होने के कारण उसके देश सेवा करने के सपनों को चकनाचूर किया गया। उन्होंने कहा कि 3 दिन से आरोपियों ने नाबालिग का रेकी कर उक्त घटना को अंजाम दिया गया। लेकिन पुलिस विभाग के खुफिया तंत्र को पता तक नही चल पाया। अहले सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म की घटना को अंजाम देना और जान मारने की नीयत से लोहरदगा ले जाना राज्य सरकार की पुलिसिया तंत्र की पोल खोलता है।

 


 

दो साल में 3152 केस सामने आए

उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार बनने से लेकर अक्टूबर 2021 तक सरकारी आंकड़ों के अनुसार 3152 बलात्कार की घटना घटी है,जो अपने आप मे चौकाने वाला आंकड़ा है। उन्होंने कहा कि वह चाहे होनहार दरोगा रूपा तिर्की हत्याकांड ,कांग्रेसी विधायक  द्वारा महिला के प्रति अभद्र टिप्पणी, रामगढ़ में पदस्थापित एसडीपीओ द्वारा अपनी पत्नी को प्रताड़ित करना, लातेहार में महिला स्वास्थ्य कर्मी का उनके सरकारी आवास से अपहरण कर रामगढ़ में बंदी बनाना और 2 लाख देने के बाद अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूटना, सिमडेगा में मॉब लिंचिंग के शिकार संजू प्रधान की गर्भवती पत्नी को पुलिस के सामने मारकर कोख उजाड़ना, सिमडेगा में झरियो देवी को डायन बिसाही के नाम पर आग में डाल देना जिससे वह जीवन के लिए संघर्ष कर रही है, पाकुड़ में सोहराय पर्व मना कर लौट रही आदिवासी महिला की हत्या की घटना ने राज्य की बेटियों में भय का माहौल उत्पन्न हुआ है। उन्होंने स्थानीय विधायक और कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि राज्य की इतनी बड़ी घटना घटित हुई है लेकिन न तो पीड़िता और उसके परिजन से मुलाकात कर  सांत्वना देने उनके घर गए।

 

 

नाबालिग को मानसिक और शारिरिक प्रताड़ना की गई: आरती कुजूर

भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़े शब्दों में कहा कि नाबालिग आदिवासी बच्ची का अपहरण और दुष्कर्म मामले में जेजे एक्ट का पालन करने में पुलिस विफल रही।उन्होंने कहा कि नाबालिग बच्ची को 11 बजे से लेकर शाम 7 बजे तक थाने में बैठा कर रखना जे जे एक्ट का उलंघन है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं को महिला आयोग और बल संरक्षण आयोग अपने संज्ञान में लेती है लेकिन राज्य सरकार ने न ही बाल संरक्षण आयोग का गठन किया है और न ही महिला आयोग का। आरती ने कहा कि निश्चित समय सीमा के अंदर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से दुष्कर्मियों को फांसी की सजा हो।ज्ञात हो कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने निर्देशानुसार कल दिनांक 17.01.2022 को 4 सदस्यीय भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़िता और उनके परिजनों से मिलने गया था। प्रेस वार्ता में भाजपा एसटी मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता अनु लकड़ा भी उपस्थित थी।