logo

अमेरिका ने लिया काबुल हमले का बदला, 48 घंटे के भीतर मुख्य साजिशकर्ता को मार गिराया! 

12215news.jpg

द फॉलोअप टीम, डेस्क:

अमेरिका ने 48 घंटे के अंदर काबुल एयरपोर्ट पर हमले का बदला ले लिया है। अमेरिकी सेना ने अफगानिस्तान में ISIS-K के ठिकानों पर ड्रोन हमला किया है। काबुल एयरपोर्ट पर हुए बम विस्फोट में 13 अमेरिकी सैनिक मारे गए थे। अमेरिका ने लोगों से काबुल एयरपोर्ट के गेट को जल्द से जल्द छोड़ने को कहा है। अमेरिका की सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता कैप्टन बिल अर्बन ने कहा कि अमेरिकी सैन्य बलों ने ISIS-K के योजनाकारों के खिलाफ आतंकवाद विरोधी अभियान चलाया। मानव रहित हवाई हमला अफगानिस्तान के नंगहार प्रांत में किया गया। हमले में किसी नागरिक के हताहत होने की खबर नहीं है।

अमेरिका ने जारी किया हमले का अलर्ट
जो बाइडन के सलाहकारों ने कहा है कि अफगानिस्तान में और हमले हो सकते हैं। काबुल में हमले के बाद राष्ट्रपति बाइडन ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, सैन्य अधिकारियों और राजनयिकों के साथ बैठक की थी। वहीं सलाहकारों ने कहा कि काबुल में और आतंकी हमले हो सकते हैं। उनके निकासी अभियान के बचे हुए दिन बेहद  खतरनाक हैं। अब तक अमेरिका एक लाख से ज्यादा लोगों को अफगान से बाहर निकाल चुका है। बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा भी था कि अमेरिका को नुकसान पहुंचाने वालों को हम बख्शेंगे नहीं। हम यह भूलेंगे नहीं। हम तुम्हें पकड़कर इसकी सजा देंगे। 

ISIS-K ने हमले की जिम्मेदारी ली थी
गौरतलब है कि ISIS-K ने हमलों की जिम्मेदारी ली थी। आइएसआईएस-के ने जिम्मेदारी लेते हुए कहा था कि उसने अमेरिकी सैनिकों और अफगानी सैनिकों को निशाना बनाया है। बयान के साथ ही हमलावर की तस्वीर भी साझा की गई थी। आतंकवादी संगठन ने कहा कि यह वही हमलावर है, जिसने हमले को अंजाम दिया। गौरतलब है कि आईएसईएस-के ने तालिबान को अमेरका का पिट्ठू बताया था। ये हमला 26 अगस्त को उस वक्त किया गया जब लोग काबुल एयरपोर्ट के बाहर प्लेन में सवार होने का इंतजार कर रहे थे। तभी वहां एक भीषण धमाका हो गया था। 

बाइडेन ने लिया था बदले का संकल्प
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अमेरिकी सैनिकों और अफगानी नागरिकों को लक्ष्य बनाकर ये हमला किया गया था। हमले में अभी तक 150 से भी ज्यादा लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। इसमें 13 अमेरिकी कमांडो भी शामिल हैं। तीन ब्रितानी नागरिकों की भी हमले में मौत हो गई। इसमें एक बच्चा भी शामिल है। हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने बताया था कि हमले का माकूल जवाब दिया जायेगा। बाइडेन ने कहा था कि हमले की जगह, वक्त और तरीका हम तय करेंगे। हम अपने तरीके से अपने वीर सिपाहियों की मौत का बदला लेंगे।