logo

विवादों के बीच JPSC ने बदली मुख्य परीक्षा 2025 की तारीखें, अब इस तिथि को होगी परीक्षा

jpsc141.jpg

रांची
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने संयुक्त असैनिक सेवा मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा-2025 की तिथियों में बदलाव किया है। पहले यह परीक्षा 18, 19 और 20 जुलाई 2026 को प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसे 21, 22 और 23 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा। आयोग ने अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है।

JSSC परीक्षा से टकराव के कारण बदली तिथि

जेपीएससी के अनुसार पहले घोषित परीक्षा कार्यक्रम झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा से टकरा रहा था। बड़ी संख्या में ऐसे अभ्यर्थी हैं जिन्होंने दोनों परीक्षाओं के लिए आवेदन किया है। ऐसे में उन्हें किसी एक परीक्षा का चयन करना पड़ सकता था। इसी समस्या को देखते हुए परीक्षा की नई तिथियां जारी की गई हैं।

2204 अभ्यर्थी होंगे शामिल

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, संयुक्त असैनिक सेवा मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा-2025 (विज्ञापन संख्या-01/2026) अब 21, 22 और 23 जुलाई को आयोजित होगी। आयोग के मुताबिक इस परीक्षा में करीब 2204 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा की तैयारियों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, केवल परीक्षा की तिथियां बदली गई हैं।

बैकलॉग परीक्षाओं का भी जारी हुआ शेड्यूल

संयुक्त असैनिक सेवा मुख्य (लिखित) बैकलॉग प्रतियोगिता परीक्षा-2023 (विज्ञापन संख्या-06/2026) का आयोजन 25, 26 और 27 जुलाई को किया जाएगा। 

संयुक्त असैनिक सेवा मुख्य (लिखित) बैकलॉग प्रतियोगिता परीक्षा-2025 (विज्ञापन संख्या-05/2026)1, 2 और 3 अगस्त को आयोजित होगी।

अभ्यर्थियों से नई तिथियों के अनुसार तैयारी की अपील

आयोग ने अभ्यर्थियों से नई परीक्षा तिथियों के अनुसार अपनी तैयारी जारी रखने की अपील की है। साथ ही कहा है कि परीक्षा केंद्र, प्रवेश पत्र और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश समय पर जारी किए जाएंगे। आयोग ने उम्मीदवारों से आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखने की भी सलाह दी है। नई तिथियों के ऐलान से उन अभ्यर्थियों को राहत मिली है, जो JPSC और JSSC दोनों परीक्षाओं में शामिल होने वाले हैं।
 

Tags - JPSC Main Exam 2025JPSC Exam DateJPSC NewsJharkhand PSCJSSC Exam