द फॉलोअप टीम, रांची
झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र के आखरी दिन सत्तापक्ष से लेकर विपक्ष तक दोनों एक-दूसरे पर हमलावार नजर आए। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सत्तापक्ष ने विपक्ष को किसान बिल पर घेरा, तो वहीं सदन के अंदर भाजपा ने नियोजन नीति पर कार्यस्थगन का प्रस्ताव लाने की मांग की, जिसे स्पीकर रवीन्द्र नाथ महतो ने खारिज कर दिया।
रणधीर सिंह के रवैये से गुस्साए स्पीकर
सदन की कार्यवाही में बार-बार व्यवधान उत्पन्न होने पर स्पीकर काफी नाराज दिखे। इसी बीच सदन में भाजपा विधायक रणधीर सिंह लगातार नियोजन नीति को लेकर हंगामा करने लगे। वे बार-बार अपनी सीट से उठ कर नारेबाजी कर रहे थे।
अंतत: रणधीर मार्शल आउट हुए
रणधीर सिंह के रवैये से खफा स्पीकर ने उन्हें कई बार अपनी सीट पर बैठने को कहा। नहीं मानने पर स्पीकर ने कहा, ऐसे नहीं चलेगा। इसपर तपाक से रणधीर सिंह ने कहा कि ऐसे ही चलेगा। इसपर स्पीकर ने गुस्से में कहा कि ऐसा कहने का क्या मतलब है? क्या ये गुंडागर्दी की जगह है? ऐसे चलेगा सदन? स्पीकर के कहने का भी उनपर कोई असर नहीं हुआ, तो स्पीकर ने उन्हें मार्शल आउट करा दिया। सदन में हेगामे को देखते हुए सदन की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
कोर्ट में सही ढंग से पक्ष नहीं रखा : नवीन जायसवाल
बीजेपी का आरोप है कि सरकार ने हाईकोर्ट में अपनी बात सही तरीके से नहीं रखी, इसके चलते कोर्ट का ये फैसला आया है। जब 13 जिलों के मुखिया पद आरक्षित हैं तो फिर वहां के युवाओं को विशेष लाभ क्यों नहीं मिलना चाहिए? बीजेपी विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि सरकार अपनी नाकामी को छुपाने के लिए पिछली सरकार पर गलत आरोप लगा रही है।