logo

झारखंड के राज्यपाल, CM हेमंत सोरेन के अलावा भाजपा अध्यक्ष ने भी जताया शोक

15880news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

सूबे के राज्यपाल रमेश बैस ने कहा, तमिलनाडु में आज हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना अत्यन्त पीड़ादायक है। जिसमें हमने देश के सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और सशस्त्र बलों के जवानों को खो दिया। उनका असामयिक निधन हमारे सशस्त्र बलों और देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। कहा कि जनरल बिपिन रावत महान देशभक्त और उत्कृष्ट सैनिक थे। जिन्होंने असाधारण साहस और लगन से देश की सेवा की। सशस्त्र बलों और सुरक्षा तंत्र के आधुनिकीकरण में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। ये देश उनकी असाधारण सेवा को कभी भी नहीं भूलेगा। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने तमिलनाडु के कुन्नूर में सेना के हेलीकॉप्टर हादसे में सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी धर्मपत्नी मधुलिका रावत सहित 11 अन्य अधिकारियों के असामयिक निधन पर गहरा दु:ख एवं शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से शोक संतप्त परिवारों को इस भीषण दु:ख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

 

 

 

जनरल विपिन रावत का निधन राष्ट्र के लिए दुःखद: दीपक प्रकाश

सीडीएस प्रमुख बिपिन रावत के निधन पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि विमान हादसे में देश के प्रथम CDS एवं पूर्व सेना प्रमुख श्री बिपिन रावत जी, उनकी पत्नी सहित 13 यात्रियों का निधन राष्ट्र के लिए गहरा आघात और दुखदायी है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शान्ति एवं परिजनों को सम्बल प्रदान करें।


वहीं नेता विधायक दल व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने घटना को दुःखद करार देते हुए कहा कि इस हादसे से पूरा देश दुःखी है। सेना प्रमुख जनरल विपिन रावत, उनकी पत्नी समेत 13 अन्य सैन्य कर्मी व स्टाफ के हेलीकॉप्टर हादसे में मृत्यु की दुःखद खबर असहनीय है। संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने जनरल बिपिन रावत के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि जनरल रावत सभी भारतीयों के दिल में सदैव जीवित रहेंगे।