logo

राज्य में हाहाकार मचा है, लोग तड़पकर दम तोड़ रहे हैं! मुख्यमंत्री जी कुछ कीजिए- बाबूलाल मरांडी

8042news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
मधुपुर उपचुनाव का परिणाम जानने के लिए वोटों की काउंटिंग जारी है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी हफीजुल हसन अंसारी जीत की तरफ बढ़ते दिख रहे हैं। पार्टी में जश्न का माहौल है। इस बीच प्रदेश गंभीर कोरोना संकट का सामना कर रहा है। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर तबाही मचा रही है। इसी बाबत, बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने ट्वीट किया है। उन्होंने सीएम हेमंत सोरेन के सामने कुछ आंकड़े रखे और इस पर त्वरित ध्यान देने को कहा है। 

मुख्यमंत्री को टैग कर बाबूलाल ने किया ट्वीट
बाबूलाल मरांडी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर लिखा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी। राज्य में हाहाकार मचा हुआ है। लोग तड़प-तड़प कर कर मर रहे हैं। आंखे खोलिए और गंभीरता को समझिए। जहां देश में कल 78 फीसदी लोग स्वस्थ हुए और 0.94 फीसदी लोगों की मृत्यु हुई। महाराष्ट्र में जहां सबसे भयावह स्थिति है वहां कल 96.91 फीसदी लोग स्वस्थ हुए और 1.27 फीसदी लोगों की मृत्यु हुई। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अपने राज्य में कोरोना से मृत्यु दर का आंकड़ा भयावह है। 

बाबूलाल मरांडी ने सीएम से अपील की है
पूर्व मुख्यंत्री बाबूलाल मरांडी ने एक और ट्वीट किया। उन्होने लिखा कि अपने पड़ोस ओड़िशा में 54 फीसदी लोग स्वस्थ हुए और सिर्फ 0.11 फीसदी की मृत्यु हुई। वहीं अपने राज्य में 85 फीसदी लोग ठीक हुए लेकिन 2.67 फीसदी लोगों की मृत्यु हो गयी। राजधानी रांची की स्थिति तो देश में सबसे भयावह है। यहां सिर्फ 44 फीसदी लोग स्वस्थ हुए और 3.27 फीसदी लोगों की मौत हो गयी। कुछ तो कीजिए। 

झारखंड में फिलहाल 58 हजार 437 एक्टिव केस
झारखंड में पिछले 24 घंटे में 6 हजार 323 मामले सामने आये। प्रदेश में अब तक 2 लाख 39 हजार 734 लोग वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। अब तक 1 लाख 78 हजार 768 लोगों ने कोरोना को मात दी है। कोरोना वायरस से जान गंवाने वालों की संख्या 2 हजार 829 तक पहुंच गयी है। पिछले 23 घंटे में 169 मरीजों की मौत हो गयी। एक्टिव केस की संख्या 58 हजार 437 है।