logo

बाबूलाल मरांडी ने सीएम को किया फोन, राज्य में पूर्ण लॉकडाउन लगाने की मांग की

7553news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने राज्य में पूर्ण लॉकडाउन लगाने की मांग की है। लॉकडाउन की मांग करते हुए बाबूलाल मरांडी ने एक वीडियो संदेश भी जारी किया है। वीडियो में बाबूलाल मरांडी कह रहे हैं कि उन्होंने सीएम से राज्य में एक सप्ताह के लॉकडाउन की मांग की है। 

बाबूलाल ने सीएम से फोन पर की वार्ता
बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को फोन किया था। पहली बार में बातचीत नहीं हो पायी। कुछ समय बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें खुद फोन किया। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि उन्होंने सीएम से अपील की है कि राज्य में न्यूनतम 1 सप्ताह का लॉकडाउन लगा दिया जाए ताकि कोरोना के चैन को तोड़ा जा सके। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यही विकल्प है। 

सीएम ने लॉकडाउन पर विचार की बात कही
बाबूलाल मरांडी ने बताया कि सीएम ने उनसे कहा कि अपील पर विचार किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया, अखबार और टेलीविजन के जरिए जो जानकारी मिल रही है, उस आधार पर यही लगता है कि जनता पूर्ण लॉकडाउन चाहती है। उन्होंने कहा कि पिछली बार लोगों ने लॉकडाउन का विरोध किया था लेकिन इस बार जनता खुद लॉकडाउन चाहती है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मुख्यमंत्री को राज्य में लॉकडाउन लगाना चाहिए। बीजेपी उनका पूरा साथ देगी। 

झामुमो ने भी की है पूर्ण लॉकडाउन की मांग
बता दें कि शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। उसमें झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने राज्य में पूर्ण लॉकडाउन की मांग की थी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने भी पूर्ण लॉकडाउन की मांग की थी। अब बाबूलाल मरांडी ने भी राज्य में पूर्ण लॉक़डाउन की मांग की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 1 सप्ताह का लॉकडाउन लगाया गया है।