logo

पेगासस की फर्जी कहानी देश को गुमराह करने की सुनियोजित साजिश: बाबूलाल मरांडी

11029news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

भाजपा नेता विधायकदल और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस सहित यूपीए गठबंधन पर कड़ा प्रहार किया है। कहा कि कांग्रेस पार्टी राजनीतिक स्वार्थ सिद्धि के लिए तथ्यहीन, निराधार और बेबुनियाद आरोप लगा रही है। फ़ोन टेपिंग से जुड़ी पेगासस की कहानी फर्जी है। देश को गुमराह करने की सुनियोजित साजिश है। मानसून सत्र के ठीक पहले फर्जी कहानी के बहाने सदन को बाधित करने की कोशिश है। मरांडी आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस को संबोधित कर रहे थे। उन्‍होंने कहा कांग्रेस सिमट रही है, हार रही है। इस फर्जी कहानी में भारत सरकार को जोड़ने वाले साक्ष्य का कोई सबूत प्रस्तुत नहीं किया गया है। यह रिपोर्ट केवल भारतीय लोकतंत्र और यहां की लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम करने की साजिश है। कहा कि एमनेस्टी जैसी संस्थाओं का भारत विरोधी घोषित एजेंडा रहा है। पेगासस कि फर्जी कहानी में अंतरराष्ट्रीय संगठनों की संलिप्तता है।  प्रेसवार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक और प्रवक्ता अमित कुमार भी उपस्थित थे।

झूठी कहानी गढ़ने में तथाकथित बुद्धिजीवी वर्ग भी शामिल

झूठी कहानी गढ़ने में तथाकथित बुद्धिजीवी वर्ग भी शामिल है। कभी अवार्ड वापसी,तो कभी भारत मे डर लगता है,जैसे नारे गढ़े गए। कभी तीन तलाक,कभी सीएए का विरोध तो कभी टूलकिट के सहारे किसानों को उकसाना, गुमराह करना जैसा कार्य किया गया। कोरोना संकट के बीच टीकाकरण पर भी देश को गुमराह करने में यह वर्ग पीछे नही रहा। यह सब नरेंद्र मोदी की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर किया गया निरर्थक प्रयास है। ऐसी ताकतें भारत के खिलाफ रोज नए नए साजिश रच रही है।

यूपीए सरकारों में फ़ोन टैपिंग का पुराना इतिहास

मरांडी ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व में यूपीए सरकारों द्वारा फ़ोन टैपिंग का पुराना इतिहास है। स्व. चंद्रशेखर की सरकार इसी मुद्दे पर कांग्रेस ने गिराई थी। तत्कालीन केंद्रीय मंत्री चिदंबरम ने तत्कालीन केंद्रीय मंत्री स्व. प्रणव मुखर्जी पर आरोप लगाए थे। यूपीय शासन में 9000 फ़ोन और 500 ईमेल खातों की निगरानी की जाती थी। आज राजस्थान के कांग्रेस विधायक अपनी राज्य सरकार पर फोन टेपिंग का आरोप लगा रहे हैं। मरांडी ने कहा कि भारत मे बह रही विकास की धारा को कुछ ताकतों केलिये खतरे की घंटी के रूप में देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत की प्रगति ने अंतरराष्ट्रीय गुटों और ताकतों को झकझोर कर रख दिया है।