logo

बाइक में प्रतिबंधित मांस लेकर जा रहा था युवक, दुर्घटना में टूट गया दाहिना पैर

12788news.jpg

द फॉलोअप टीम, लातेहार: 

लातेहार जिला मुख्यालय के बाईपास चौक पर रविवार की तड़के हुई एक सड़क दुर्घटना में एक बड़ा खुलासा हुआ। दरअसल जिस युवक के साथ सड़क दुर्घटना हुई वह प्रतिबंधित मांस लेकर जा रहा था। युवक बाइक से प्रतिबंधित मांस लेकर जा रहा था। इस बीच बाईपास चौक के पास उसने एक ट्रक में टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद बोरे में रखा मांस सड़क में चारों तरफ फैल गया। घटना की वजह से आसपास लोग जमा हो गए। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना सदर पुलिस को दी।

पुलिस ने युवक को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया
पुलिस तत्काल घटना स्थल पहुंची। पुलिस ने युवक की बाइक और बोरे में भरे प्रतिबंधित मांस को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। लातेहार पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कानून का उल्लंघन करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। घायल युवक के पास बोरे में प्रतिबंधित मांस होने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग उग्र होकर युवक और इस अवैध धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।

बाइक दुर्घटना होने से हो गया मामले का खुलासा
घायल युवक ने जुटे स्थानीय लोगों को बताया कि वो प्रतिबंधित मांस कोंढास से लेकर रेलवे स्टेशन सप्लाई करने जा रहा था। युवक ने बताया कि सासंग गांव से प्रतिबंधित मांस लेकर मस्जिद की गली होकर रेलवे स्टेशन ऑर्डर पर सप्लाई करने जा रहा था। इसी दौरान बाईपास मोड़ के समीप ट्रक से टक्कर हो गई। उसने हालांकि ग्राहकों के नाम नहीं बताये। 

लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। इस दुर्घटना में उसका दाहिना पैर टूट गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगो ने पुलिस पर सवाल खड़े किए हैं। लोगो का कहना है कि इस तरह का खेल लंबे समय से चला आ रहा है, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नही है। यह पुलिसिया लापरवाही को दर्शाता है।