logo

'मोदी सरकार ने मुसलमानों के लिए किये विकास काम,  कांग्रेस ने 70 साल में जो कभी नहीं किया'

12116news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अब्दुल वहाब कासमी ने कहा कि भाजपा अल्पसंख्यक विरोधी नहीं, बल्‍कि उनके विकास और उनकी उन्नति के लिए काम करती है। मोदी सरकार ने जिस तरह  मुसलमानों के विकास के लिए कार्य किए हैं, कांग्रेस की 70 साल की सरकार ने ऐसा कभी नहीं किया। वह आज भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय हरमू में पद्म विभूषण से सम्मानित पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं केरल के राज्यपाल रहे स्वर्गीय सिकंदर बख्त साहब की जयंती अवसर पर बहैसियत मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सिकंदर बख्त भाजपा के फाउंडर नेताओं में से एक थे। वह ईमानदार और गंभीर नेता थे। वह पक्के राष्ट्रवादी और सच्चे सेकुलर थे। उन्हें वर्ष 2000 में देश का दूसरा सबसे बड़ा सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया और जब 1998 में अटल बिहारी वाजपेई जी की सरकार बनी तो सिकंदर बख्त जी को उद्योग मंत्री बनाए गए।

 

सच्चे देशभक्त थे सिकंदर बख्त : अब्दुल वहाब कासमी

अब्दुल वहाब कासमी ने कहा कि वे राज्यसभा के सभापति भी चुने गए। जब 1980 में जन संघ विखंडित हो गया और 6 अप्रैल 1980 में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई तो लाल कृष्ण आडवाणी, सिकंदर बख्त और मुरली मनोहर जोशी को महासचिव बनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनवर हयात ने कहा कि सिकंदर बख्त को उस वक्त सच्ची श्रद्धांजलि मिलेगी जिस वक्त देश का हर अल्पसंख्यक समाज उनके बताए हुए रास्ते पर चले। उन्होंने कहा कि 1990 में भाजपा के प्रत्याशी के रूप में मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए। 1992 में राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष चुने गए, 1996 में पुनः भाजपा से राज्यसभा सांसद चुने गए। मई 1996 में जब अटल जी की सरकार बनी तो उन्हें शहरी विकास मंत्री के साथ विदेश मंत्री का भी अतिरिक्त प्रभार दिया गया।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में मनाई गई जयंती
मोर्चा के प्रदेश प्रभारी सोना खान ने कहा कि सिकंदर बख्त की जीवनी से हर कार्यकर्ता को सीख लेनी चाहिए और उनके बताए हुए रास्ते पर चलने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्कूल कॉलेज के दिनों में सिकंदर बख्त साहब हॉकी के अच्छे खिलाड़ी थे और दिल्ली विश्वविद्यालय के टीम में खेला करते थे। अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष कमाल खान ने कहा कि सिकंदर बख्त हमेशा समाज की तरक्की और भलाई के लिए कार्य करते रहे उनके जीवन को देखकर हर एक कार्यकर्ता को देशभक्ति की सीख मिलती है। मौके पर कासिम कुरेशी, अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष कयामुद्दीन खान, भाजपा के पूर्व प्रदेश सह मीडिया प्रभारी तारिक इमरान, आलमगीर अंसारी, लक्ष्मीचंद दीक्षित,शोभा यादव, मो. एजाज, नजीर खान, मो. अजहरआलम, अतहर कमरान , मो. इमरान, जॉनी वाकर खान, शमीम रजा, स्मृति कच्छप, जाकिर खान, मो. कलीम, मो. करीम खान, आरिफ बट्ट, लोटन चौधरी,  मो. जावेद, फिरोज अंसारी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।