द फॉलोअप टीम, कोलकाता:
बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए तीसरे चरण की वोटिंग 6 अप्रैल को होगी। तीसरे चरण की वोटिंग से पहले पार्टियां मतदाताओं को रिझाने के लिए पूरा जोर लगा रही है। टीएमसी, बीजेपी और कांग्रेस के तमाम बड़े नेता कहीं रोड शो कर रहे हैं, तो कहीं चुनावी रैली को संबोधित कर रहे हैं। वे कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। इस बीच नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला भी जारी है। इस बार मैदान में योगी आदित्यनाथ, नये-नये टीएमसी में गये यशवंत सिन्हा और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोर्चा संभाला है।
ममता बनर्जी को लेकर बीजेपी फैला रही झूठ!
बीजेपी छोड़ने के बाद तृणमूल कांग्रेस ज्वॉइन करने वाले यशवंत सिन्हा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ममता बनर्जी के दूसरी सीट से चुनाव लड़ने की अफवाह फैला रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी नेता और विशेष तौर पर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा इस झूठ को बार-बार दोहरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये सब कुछ भारतीय जनता पार्टी का माइंड गेम है। उन्होंने कहा कि हम ये भी सुनिश्चित करेंगे कि ईवीएम एक्सचेंज ना हो। यहां यशवंत सिन्हा का इशारा असम में बीजेपी प्रत्याशी की कार से मिले ईवीएम मशीनों को लेकर था।
दूसरे क्षेत्र से चुनाव लड़ने का सवाल ही नहीं उठता:डेरेक
ममता बनर्जी के दूसरी सीट से नामांकन करने की चर्चा पर तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि हम नंदीग्राम जीत चुके हैं। उन्होंने कहा कि टीएमसी प्रमुख के किसी अन्य निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि दूसरे सीट से नामांकन की चर्चा केवल भारतीय जनता पार्टी का माइंडगेम है। डेरेक ओ ब्रायन ने दावा किया कि शुक्रवार की रात को मोदी-शाह की जोड़ी ने बंगाल में एक समीक्षा बैठक की थी।
टीएमसी का दावा कि हम बीजेपी से आगे हैं
डेरेक ने कहा कि वे जानते हैं कि टीएमसी उनसे आगे है। डेरेक ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में टीएमसी बीजेपी से 3 फीसदी आगे थी और 6 फीसदी आगे है। डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि टूरिस्टों का गैंग बड़ी-बड़ी रैलियों और बातों के बाद भी हार रहा है इसलिये अब माइंड गेम खेलने लगा है। हालांकि, इससे फर्क नहीं पड़ता।
देश के सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की भूमि है बंगाल :योगी
इन सबके बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उलुबेरिया पुरवा में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। योगी आदित्यनाथ ने यहां जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि बंगाल देश के सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की भूमि है लेकिन टीएमसी के गुंडों ने इसे गुंडागर्दी और अराजकता की भूमि बना दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, लेफ्ट और टीएमसी ने यहां का पूरा माहौल बदल दिया और बंगाल की धरती को तुष्टिकरण का शिकार बना दिया। योगी आदित्यनाथ ने दावा करते हुये कहा कि रुझानों से पता चलता है कि भारतीय जनता पार्टी बंगाल में बहुमत की सरकार बनायेगी। बीजेपी लगातार ये दावा करती आ रही है।