द फॉलोअप टीम, कोलकाता:
भारतीय जनता पार्टी के नेता और नंदीग्राम विधानसभा सीट से प्रत्याशी शुभेंदू अधिकारी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिये नामांकन दाखिल किया। भारतीय जनता पार्टी ने बीते 6 मार्च को घोषणा की थी कि शुभेंदू अधिकारी नंदीग्राम विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और सीएम ममता बनर्जी के खिलाफ बीजेपी के उम्मीदवार होंगे।
तृणमूल सरकार में मंत्री थे शुभेंदू अधिकारी
शुभेंदु अधिकारी पहले तृणमूल सरकार में कैबिनेट मंत्री थे लेकिन किसी नाराजगी की वजह से उन्होंने दिसंबर के आखिरी सप्ताह में भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था। नामांकन दाखिल करने से पहले शुभेंदू अधिकारी ने नंदीग्राम में एक स्थानीय मंदिर में पूजा अर्चना भी की। 11 मार्च को उन्होंने एक ट्वीट किया। समर्थकों को संबोधित इस ट्वीट में शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि हमें कल इतिहास बनाने के लिये साथ चलना है।
शुभेंदू के पिता यूपीए सरकार में मंत्री थे
शुभेंदु अधिकारी के पिता शिशिर अधिकारी मनमोहन सरकार में ग्रामीण विकास राज्यमंत्री हुआ करते थे। शुभेंदु अधिकारी ने तामलुक लोकसभा सीट से 2009 और 2014 में चुनाव जीता। 2016 में वे ममता बनर्जी की अगुवाई वाली सरकार में मंत्री बनाये गये। हालांकि, बीते कुछ समय से ममता बनर्जी ने नाराज चल रहे थे। उनका कहना था कि पार्टी में वरिष्ठ नेताओं का सम्मान नहीं किया जा रहा है। उनकी बात नहीं सुनी जा रही है।
10 मार्च को ममता बनर्जी ने दाखिल किया पर्चा
बता दें कि पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने 10 मार्च को नंदीग्राम विधानसभा सीट से पर्चा दाखिल किया। तृणमूल कांग्रेस ने पांच मार्च को बंगाल की सभी 294 सीटों के लिए प्रत्याशियों का एलान किया था। ममता बनर्जी ने तब कहा था कि वो नंदीग्राम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी।
ममता बनर्जी इससे पहले भवानीपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ती रही हैं, लेकिन इस बार उन्होंने एलान किया था कि वे नंदीग्राम से चुनाव लड़ेंगी। बता दें कि शुभेंदु अधिकारी ने जनवरी में एक चुनावी रैली में कहा था कि अगर मैंने ममता बनर्जी को 50 हजार वोटों से नहीं हराया तो राजनीति छोड़ दूंगा।
8 चरणों में होगी बंगाल चुनाव की वोटिंग
पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों के लिए 8 चरणों में मतदान होना है। पहले चरण की वोटिंग 27 मार्च को होगी और आखिरी चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी। पश्चिम बंगाल की 16वीं विधानसभा का कार्यकाल 30 मार्च को खत्म हो रहा है। 17वीं विधानसभा के लिये 7 करोड़ 34 लाख 7 हजार 832 मतदाता हिस्सा लेंगे।