logo

Bengal Election: बीजेपी ने जिसे उम्मीदवार बनाया वो बोलीं- मैंने तो कभी पार्टी भी ज्वॉइन नहीं की थी

Bengal Election: बीजेपी ने जिसे उम्मीदवार बनाया वो बोलीं- मैंने तो कभी पार्टी भी ज्वॉइन नहीं की थी
द फॉलोअप टीम, कोलकाता: 
पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी को बड़ी फजीहत झेलनी पड़ी है। पार्टी ने जिस महिला को चौरंगी विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया, उनका दावा है कि उन्होंने कभी भारतीय जनता पार्टी ज्वॉइन ही नहीं की। जानकारी के मुताबिक गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिये उम्मीदवारों की अपनी दूसरी लिस्ट जारी की। इस लिस्ट के मुताबिक महिला नेता शिखा मित्रा चौरंगी सीट से बीजेपी की उम्मीदवार हैं लेकिन शिखा मित्रा ने कहा कि उनसे बिना पूछे ही उन्हें प्रत्याशी घोषित किया गया। 

दिवंगत कांग्रेस नेता की पत्नी हैं शिखा मित्रा
जानकारी के मुताबिक शिखा मित्रा कांग्रेस के पूर्व नेता दिवंगत सोमन मित्रा की पत्नी हैं। बीजेपी ने इन्हें चौरंगी सीट से प्रत्याशी घोषित किया है। इस बाबत सवाल पूछे जाने पर शिखा मित्रा ने कहा कि वो आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ रही हैं। शिखा मित्रा का कहना है कि उन्हें मीडिया से पता चला कि बीजेपी ने उन्हें प्रत्याशी घोषित किया है। शिखा मित्रा ने कहा कि हमारा विचार अलग है। प्लेटफॉर्म अलग है। मैं कैसे बीजेपी ज्वॉइन कर सकती हूं। उन्होंने कहा कि बीजेपी का माथा खराब हो गया है। कोई मुझे बतायेगा कि तबीयत तो ठीक है बीजेपी वालों की। उन्होंने कहा कि बीजेपी द्वारा प्रत्याशी घोषित किये जाने की बात सुनकर मेरा मूड खराब हो गया है। 

मैंने बीजेपी ज्वॉइन करने से साफ मना किया था! 
शिखा मित्रा ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की तरफ से बीजेपी में शामिल होने का ऑफर आया था। शुवेंदू अधिकारी ने भी अपील की थी कि मैं भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो जाऊं। मैंने ना कर दिया था। हैरानी होती है कि मुझे ये सुनने को मिल रहा है कि पार्टी ने मुझे प्रत्याशी घोषित किया है। शिखा मित्रा ने कहा कि मुझे बात समझ नहीं आ रही है। क्या भारतीय जनता पार्टी के पास उम्मीदवारों की कमी हो गयी है। दरअसल, बीजेपी ने गुरुवार को आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिये 148 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की है। इसमें शिखा मित्रा, मुकुल रॉय, राहुल सिन्हा जैसे लोगों का नाम शामिल है। अब तृणमूल कांग्रेस के नेता भी बीजेपी का मजाक उड़ा रहे हैं। 

तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने उड़ाया मजाक
तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने ट्वीट किया। लिखा कि बीजेपी ने आखिरकार दो सप्ताह बाद प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की। लिस्ट में जिनका नाम है वे कह रहे हैं कि हम तो पार्टी में ही नहीं हैं। वो चुनाव नहीं लड़ेंगे। अमित शाह को थोड़ा होमवर्क करने की जरूरत है। टीएमसी नेता डैरेक ओब्रायन ने भी तंज कसा। लिखा कि हर बार जब बीजेपी अपने उम्मीदवारों की घोषणा करती तो ऑमलेट बनाया जा सकता है क्योंकि उन पर इतने अंडे फेंके जाते हैं।