logo

बाबा साहब के शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो के आदर्श पर चलना है: धर्मपाल सिंह

10602news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची:
भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के बताए आदर्शो पर चलता है। बाबा साहब ने कहा था शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो। बाबा साहेब के इस आदर्श को चरितार्थ करने की जिम्मेदारी भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की है। ऐसे में मोर्चा की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण हो जाती है। हमें समाज के अंतिम व्यक्ति को संगठित कर उन्हें विकास की मुख्य धारा से जोड़ना है।। उक्त बातें संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय के सभागार में आयोजित भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यसमिति बैठक में कहीं। उन्होंने कहा कि हमें अपने कार्यों की खुद से समीक्षा करनी चाहिए कि हमारा संगठन प्रदेश में किस स्थिति में है। वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी की समाज में स्वीकार्यता बढ़ी है। जहां दूसरे दल अनुसूचित जाति समाज को सिर्फ एक वोट बैंक समझकर उनका उपयोग कर रही है, वहीं भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा समाज के खिलाफ खड़े हो रहे असामाजिक लोगों के खिलाफ आवाज उठा रही है। उन्होंने प्रदेश, जिला, मंडल के मोर्चा पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे ऐसे लोगों को चिन्हित करें जो समाज को नुकसान पहुंचा रहे हैं और उनका मनोबल तोड़े। साथ ही सभी पदाधिकारी क्षेत्र में प्रवास जरूर करें और संगठन को गुणवत्तापूर्ण, मजबूत और समाज के लिए तैयार करें। 



हेमंत सरकार में दलितों का उत्पीड़न बढ़ा:  अमर कुमार बाउरी
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं चंदनकियारी विधायक अमर कुमार बाउरी  ने कहा कि आज हेमंत सरकार में दलित समाज को प्रताड़ित किया जा रहा।अत्याचार करने वालों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। कहा कि चाहे भूख से मौत हो या बलात्कार की घटनाएं ,दलित समाज  प्रभावित हो रहा। कहा कि वैश्विक महामारी कोविड काल में हमारे कार्यकर्ताओं ने बेहतरीन कार्य किए हैं, लेकिन कार्य अभी समाप्त नहीं हुआ है। हमें अपने समाज के शत प्रतिशत लोगों का टीकाकरण करवाना है। समाज मे अभी भी कुछ लोगों में टीकाकरण को लेकर भ्रांतियां हैं, जिसे दूर कर उनका टीकाकरण करवाना है। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा ने अनुसूचित समाज के खिलाफ हो रहे अत्याचार को लेकर कई बार धरना प्रदर्शन किया और राज्यपाल से मिलकर ज्ञापन सौंपा। इसमें मुख्य रूप से भूखल घासी और उसके परिजन की भूख से मौत, जामताड़ा के चिरुडीह में दलित समाज के लोगों को बेघर करना, चाईबासा के मझगांव में अनुसूचित समाज के लोगों को प्रताड़ित और उनके साथ मारपीट करना, ठंड से मौत आदि मुद्दों पर आंदोलन किया और राज्यपाल से मिलकर उच्च स्तरीय जांच की मांग का ज्ञापन सौंपा। 



शत-प्रतिशत टीकाकरण करवाना हमारा लक्ष्य हो: जीतू चरण राम
भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री एवं कांके के पूर्व विधायक जीतू चरण राम ने कहा कि कोविड काल के दौरान अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बेहतरीन कार्य किया है। लोगों तक सेवा पहुंचाने का कार्य हमारे कार्यकर्ताओं ने अनुशासित रूप से किया है। साथ ही टीकाकरण के कार्य में भी हमारे कार्यकर्ताओं ने बेहतरीन कार्य किया है। अभी भी लक्ष्य से हम थोड़े दूर हैं। ऐसे में हम सभी को मिलकर अपने समाज के शत-प्रतिशत लोगों का टीकाकरण करवाना हमारा लक्ष्य होगा। उन्होंने कहा कि हमारे समाज को सदियों से शोषित किया जाता रहा है। लेकिन हमारा समाज अपने विकास को अपना लक्ष्य मानकर कार्य करती रही। 
उन्होंने कहा कि हमें ईमानदारी पूर्वक मोर्चा और संगठन को मजबूत बनाना है, ताकि राष्ट्रीय स्तर पर जो मोर्चा की पहचान बनी है वह बरकरार रह सके। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वह मोर्चा को मजबूत बनाए और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास कार्यों को पहुंचाएं।



भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा का हुआ विस्तार
आज की बैठक में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा का विस्तार करते हुए अनामिका जूही को प्रदेश उपाध्यक्ष, जीतन राम और सुनील पासवान को प्रदेश प्रवक्ता, रामेश्वर राम को पलामू जिलाध्यक्ष, ओम प्रकाश राम को सरायकेला खरसावां का जिला प्रभारी नियुक्त किया गया। आज के कार्यक्रम में मुख्य रूप से भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य सीताराम रवि, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा नीरज पासवान, भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रंजन पासवान, रंजय भारती, भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभात भुईया, विमल बैठा, ध्रुव कुमार हरी, भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री, कमलेश राम, विमल बैठा, विशाल वाल्मीकि, मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता शंकर रजक, मोर्चा के कार्यालय मंत्री योगेंद्र लाल, मोर्चा के सोशल मीडिया प्रदेश प्रभारी राजीव लाल सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।