logo

झारखंड: किसानों के हक में बीजेपी का धरना, धान क्रय का भुगतान नहीं किए जाने का विरोध

9912news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड में किसानों को धान क्रय का भुगतान नहीं किए जाने के विरोध और किसानों को उनका हक दिलाने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने धरना दिया। झारखंड के सभी 27 सांगठनिक जिलों के अध्यक्ष, जिला प्रभारी और कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश सहित पार्टी के तमाम नेताओं ने इसमें भाग लिया। धरना प्रदर्शन 11 बजे तक चला। 



किसानों के साथ खिलवाड़ कर रही हेमंत सरकार! 
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा था कि हेमंत सरकार लगातार किसानों के साथ खिलवाड़ कर रही है। नवंबर 2020 में धान की खरीद की गई लेकिन अभी तक राशि का भुगतान नहीं किया गया। हेमंत सरकार ने वादा किया था कि किसानों का 2 लाख रुपये तक का ऋण माफ किया जायेगा। किसानों को मुफ्त बिजली दी जाएगी लेकिन ये वादा भी पूरा नहीं किया गया। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसानों का अनाज खरीद केंद्रो मे पड़े-पड़े खराब हो गया। उसकी कीमत किसानों को नहीं मिली। किसान आर्थिक संकट में हैं। मॉनसून आ चुका है, खेती कैसे होगी। 

बाबूलाल मरांडी ने किसानों के समर्थन में कही बात
झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री और बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य के किसानों के लिए झारखंड बीजेपी कृत संकल्पित है। धान क्रय का भुगतान किसानों का अधिकार है। यही वजह है कि बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने 18 जून को सुबह 8 बजे से 11 बजे तक किसानों के साथ उनके खेतों में धरना देकर उनकी आवाज बुलंद की। अन्नदाता की लड़ाई में हम सब साथ हैं। 

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने भी दिया धरना
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि जब से झारखंड में महागठबंधन की सरकार बनी है तब से राज्य के किसानों की दुर्दशा हो गई है। पहले तो किसानों के फसल को सही तरीके से नहीं खरीदा गया। अब धान क्रय का भुगतान नहीं किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी किसानों की आवाज बनकर लगातार उनके हक और हित के लिए लड़ती रहेगी। इसी उद्देश्य के तहत किसानों के साथ उनके खेत में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने धरना दिया।

 

किसानों को दीपक प्रकाश ने जागरूक भी किया
झारखंड बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने किसानों के हित में धरना प्रदर्शन को लेकर ट्वीट किया। दीपक प्रकाश ने लिखा कि राज्य में किसानों के हितों की मुख्यमंत्री हेमंत सरकार की सरकार द्वारा लगातार हो रही अनदेखी के खिलाफ आज कांके के सुकरहुट्टू में कृषकों के साथ उनके खेत में धरना दिया। साथ ही वहां उपस्थित किसानों मोदी सरकार की जनकल्याणकारी कृषि नीति की जानकारी देते हुए कोरोना टीकाकरण के लिए भी जागरूक किया। 

पलामू में भी बीजेपी कार्यकर्ताओं ने दिया धरना
गौरतलब है कि राज्य के तकरीबन सभी जिलों में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किसानों के साथ उनके खेत में जाकर धरना दिया। पलामू में भी बीजेपी कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। पलामू में बीजेपी के जिला उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता और बीजेपी के पांकी विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी अमित तिवारी ने बाकी कार्यकर्ताओं के साथ नीलांबर-पीतांबपुर में धरना दिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी किसानों के साथ खड़ी है। बीजेपी इस लड़ाई में किसानों के साथ है। संघर्ष जारी रहेगा।