logo

विपदा में सेवा के लिए भाजपा कार्यकर्ता संकल्पित : दीपक प्रकाश

12347news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान के अंतर्गत मण्डल स्तरीय कार्यशाला कोकर एवं टाटीसिलवे मंडल में आयोजित किया गया। इसमें मण्डल से चयनित स्वास्थ्य स्वयंसेवकों ने भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि कोविड महामारी की त्रासदी ने दुनिया के कई देशों को आक्रांत किया। हमारे देश भारत को भी इस विभीषका का सामना करना पड़ा। कठिन चुनौतियों के बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जिस तरह से भारत ने कोरोना को परास्त करने के लिए लड़ाई लड़ी, वह अपने आप में अभूतपूर्व है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में और माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने दुनिया का सबसे बड़ा सेवा कार्यक्रम ‘सेवा ही संगठन' अभियान चलाया था। कोविड की पहली और दूसरी लहर के दौरान भारतीय जनता पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता ने ‘सेवा ही संगठन' के तहत अपनी जान जोखिम में डाल कर मानवता की सेवा में अपने आप को समर्पित कर दिया।पिछले डेढ़ साल से भारतीय जनता पार्टी को छोड़ कर  देश की लगभग सभी पॉलिटिकल पार्टियां या तो क्वारंटाइन में हैं या आइसोलेशन में। ये जनता के बीच नहीं, केवल ट्विटर और प्रेस कांफ्रेंस में दिखते हैं। यह केवल और केवल भारतीय जनता पार्टी है जो जनता के साथ मिल कर उनकी भलाई के लिए काम कर रही है।

 

प्रकाश ने कहा कि तीसरी लहर की आशंका को देखते भाजपा राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर स्वयंसेवक के रूप में सेवा एवं संघर्ष के दम पर कार्यकर्ता खड़ा होकर समाज एवं देश को बचाने के लिए कृतसंकल्पित है। कोकर मंडल में जिला अध्यक्ष केके गुप्ता एवं टाटीसिलवे मंडल  में जिला अध्यक्ष सुरेंद्र महतो ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान कार्यक्रम के प्रदेश प्रभारी एवं भाजपा एससी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य] गंगोत्री कुजूर, प्रदीप वर्मा, बालमुकुंद सहाय, अमर बाउरी, समरी लाल, सरोज सिंह, आशा लकड़ा, जीतू चरण राम, संजीव विजयवर्गीय, डॉ राजीव कुमार, जितेंद्र वर्मा, जितेंद्र पटेल, विवेक विकास, बलराम सिंह, वरुण साहू, पायल सोनी, विश्वजीत सहित कई स्वयंसेवक उपस्थित हुए।