logo

बॉलीवुड की क्वीन कंगना रनौत को मिला पद्मश्री, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने किया सम्मानित

14713news.jpg

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

मणिकर्णिका और क्वीन फेम बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को पद्मश्री से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में कंगना रनौत को पद्मश्री से सम्मानित किया। कंगना रनौत मौजूदा वक्त में ना केवल हिंदी सिनेमा जगत की प्रतिष्ठित अभिनेत्री हैं बल्कि निर्माता और निर्देशक भी हैं। कंगना रनौत ने पुरस्कार मिलने पर खुशी व्यक्त की और केंद्र सरकार का शुक्रिया अदा किया। परिवार को पद्मश्री समर्पित किया। 

हिमाचल से छोटे से गांव से बॉलीवुड तक 
पद्मश्री से सम्मानित होने के बाद मीडिया से मुखातिब कंगना रनौत ने कहा मैं काफी खुश हूं और गौरवान्वित कर रही हूं। उन्होंने कहा कि मैं हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के एक छोटे से गांव आती हूं। करण जौहर और एकता कपूर के सीरियल देखते हुए बड़ी हुई। छोटा से सपना लेकर बड़े शहर में आई थी। पद्मश्री जैसा प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान मिलने पर खुशी महसूस हो रही है। कंगना रनौत ने कहा कि कभी नहीं सोचा था पद्मश्री से सम्मानित होउंगी। 

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से भी सम्मानित
गौरतलब है कि हाल ही में कंगना रनौत को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। कंगना रनौत को फिल्म मणिकर्णिका और पंगा के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। गौरतलब है कि फिल्म मणिकर्णिका का निर्देशन और निर्माण कंगना रनौत ने ही किया था। फिल्म स्वतंत्रता सेनानी रानी लक्ष्मीबाई की जिंदगी पर आधारित थी। कंगना रनौत को बॉलीवुड में महिला केंद्रित फिल्मों के लिए जाना जाता है। 

महिला केंद्रित किरदारों के जरिए बनाई पहचान
गैंगस्टर नाम से फिल्मी करियर की शुरुआत करने वाली कंगना रनौत ने फैशन, क्वीन, तनु वेड्स मनु, तनु वेड्स मनु, मणिकर्णिका और पंगा जैसी महिला केंद्रित फिल्मों के जरिए नया कीर्तिमान स्थापित किया। कंगना सबसे ज्यादा फीस लेने वाली अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। कंगना ने हाल ही में तमिलनाडु की भूतपूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत जयललिता के जीवन पर आधारित फिल्म थलाइवी में जयललिता का किरदार निभाया था। कंगना की आने वाली फिल्में तेजस और धाकड़ है। धाकड़ की शूटिंग पूरी हो चुकी है जबकि तेजस की शूटिंग जारी है।