द फॉलोअप टीम, रांची:
मॉबलिंचिंग की झारखंड में अबतक 42 घटना हो चुकी है। जिसमें 23 लोगों की मृत्यु और 19 लोग गम्भीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों में 13 मुस्लिम, 07 हिन्दू, 03 ईसाई हैं, वही घायलों में 12 ईसाई, 03 सरना आदिवासी, 02 हिन्दू, 02 मुस्लिम समुदाय से हैं। यह आंकड़ा 17 मार्च 2016 से 13 मार्च 2021 तक का है। झूठी अफवाह और मनगढ़ंत आरोप पर झारखंड के विभिन्न जिलों में मॉबलिंचिंग की घटनाएं हुई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से यह जानकारी अल्पसंख्यक मामलों के जानकार एस अली ने दी। दरअसल आज संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम के नेतृत्व में विभिन्न सामाजिक संगठनों का प्रतिनिधि मंडल सीएम से मिला। उनसे मॉबलिंचिंग की घटनाओं पर रोक लगाने और इसके विरुद्ध कानून बनाने की मांग की गई।
हेमंत सोरेन ने संबंधित अधिकारी से ली जानकारी
मुख्यमंत्री ने मौके पर ही सम्बंधित अधिकारी को फोन कर मॉबलिंचिंग पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अबतक हुए अनुपालन की जानकारी ली। वहीं कहा कि रोक के लिए कानून जरूरी है। जरूरी निर्देश भी दिए। अनगड़ा में मोबारक खान की मॉबलिंचिंग में हुई हत्या मामले में रांची एसएसपी को कार्रवाई का निर्देश दिया। मौके पर विधायक सरफराज अहमद, इरफान अंसारी, दीपिका सिंह पाण्डे, पूर्णिमा नीरज सिंह, अम्बा प्रसाद के अलावा प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों में डॉ ओबैदुल्लाह कासमी, मो असलम, मो सलाहउद्दीन, पप्पू गद्दी, फिरोज आलम, मुफ्ती अब्दुल्लाह अजहर, नदीम खान, नईम अख्तर, मो फैयाज, नदीम इकबाल, वारिस कुरैशी, नूर मोहम्मद आदि मौजूद थे।
न्याय के लिए भटक रहा पीड़ित परिवार
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कुछ मामले फास्ट ट्रैक कोर्ट में चल रहे हैं, वहीं अधिकतर मामले पुलिस और सिविल कोर्ट में लम्बित हैं। पीड़ित परिजन न्याय के लिए दर-दर भटक रहे हैं। झारखंड पीड़ित प्रतिकार (संशोधन स्कीम) 2016 के अनुसार मुआवजा और पुर्नवास भी कुछ ही पीड़ित परिवारों को मिल सका है, बाकी की जिंदगी आस में गुजर रही है।
सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाने का दे चुका आदेश
सुप्रीम कोर्ट ने 2018 में घटनाओं की रोकथाम, उपचार, और दंडात्मक उपायों का प्रावधान का निर्देश झारखंड सरकार को दिया है। जिसमें प्रत्येक जिला में पुलिस अधीक्षक स्तर के वरिष्ठ अधिकारी को नोडल पदाधिकारी मनोनीत करने, मॉबलिंचिग रोकथाम हेतु प्रचार-प्रसार, महीने के आखिरी सप्ताह बैठक करने सहित 29 दिशा-निर्देश शामिल हैं।
झारखंड में कोर्ट के निर्देश का नहीं हो रहा पालन
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश में है कि घटनाएं होने पर नोडल पदाधिकारी पर कार्रवाई होगी। लेकिन अबतक सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पूर्ण रूप पालन नहीं हो रहा। ना ही मॉबलिंचिंग रोकने के लिए कानून बनाये गये हैं। जबकि राजस्थान, मध्यप्रदेश, मणिपुर, उतरप्रदेश, पश्चिम बंगाल आदि राज्यों में कानून बनाकर अनुपालन किया जा रहा।