logo

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने धोनी को किया बर्थडे विश, बाकी नेता भी बोले- "हैप्पी बर्थडे माही"

10533news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आज अपनाा 40वां जन्मदिन मना रहे हैं। कैप्टन कूल के नाम से मशहूर पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भारत को तीन आईसीसी खिताब जिताए हैं। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया 2 बार एशिया कप का खिताब भी जीती। इंडियन प्रीमियर लीग में भी फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स को कप्तान धोनी ने तीन बार चैंपियन बनाया। धोनी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं लेकिन उनकी लोकप्रियता में कमी नहीं आई है। 

भारतीय क्रिकेट टीम के श्रेष्ठतम कप्तान
कैप्टन कूल धोनी को उनके जन्मदिन पर विश्व भर से बधाइयां और शुभकामना मिल रही है। झारखंड के कई नेताओं ने भी महेंद्र सिंह धोनी को बर्थडे विश किया है। केंद्रीय मंत्री और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने धोनी को बर्थडे विश किया। अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से अर्जुन मुंडा ने लिखा कि भारतीय क्रिकेट टीम के श्रेष्ठतम कप्तानों में से एक,झारखंड की आन बान और शान महेंद्र सिंह धोनी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।भगवान से आपके सदैव स्वस्थ,सुखी और दीर्घायु रहने की कामना करता हूं। अर्जुन मुंडा ने धोनी की तस्वीर भी साझा की है। 



भारतीय क्रिकेट टीम के सफलतम कप्तान
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा समय में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने भी महेंद्र सिंह धोनी को जन्मदिन की शुभकामना दी। ट्विटर पर धोनी की तस्वीर साझा करते हुए रघुवर दास ने लिखा कि झारखंड की शान, भारतीय क्रिकेट टीम के सफलतम कप्तान, पद्म भूषण महेंद्र सिंह धोनी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। बाबा बैद्यनाथ से आपके सुदीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं। हैप्पी बर्थडे। 



लेजेंड! हम सबका अपना माही कैप्टन कूल
प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को उनके जन्मदिन पर शुभकामना दी। आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर मुख्यमंत्री ने लिखा कि कैप्टन कूल, थाला, लेजेंड और हम सबका अपना माही। झारखंडी सपूत महेंद्र सिंह धोनी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई। हमेशा की तरह ईश्वर से अपने लम्बी उम्र एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूँ।



झारखंड की आन-बान और शान थाला धोनी
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को जन्मदिन की शुभकामना दी। अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर एमएस धोनी की तस्वीर साझा करते हुए बन्ना गुप्ता ने लिखा कि झारखंड की आन बान और शान, देश के स्वर्णिम क्रिकेट काल में अर्जुन की भूमिका निभाने वाले, करोड़ो युवाओं के प्रेरणास्रोत कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी को जन्मदिन की ढेरों बधाई और शुभकामनाएं। हैप्पी बर्थडे। 



झारखंड को विश्व पटल पर स्थान दिलाने वाले
रांची लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के सांसद संजय सेठ ने भी महेंद्र सिंह धोनी को जन्मदिन की शुभकामना दी। अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर धोनी की एक तस्वीर साझा करते हुए संजय सेठ ने लिखा कि राँची को विश्वपटल पर स्थान दिलाने वाले, क्रिकेट जगत के चमकते सितारे, हम सबके गौरव श्री महेंद्र सिंह धोनी जी को जन्मदिन की बधाई। पहाड़ी बाबा से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना करता हूँ। क्रिकेट में भविष्य तलाशने वाले बच्चों को आप प्रेरणा देते रहें।