logo

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मिले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, इन बड़े नेताओं ने भी की मुलाकात

10658news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड में बतौर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू का कार्यकाल खत्म हो गया। 12 या 13 जुलाई को द्रौपदी मुर्मू आधिकारिक रूप से राजभवन छोड़ देंगी। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू रांची से सीधा अपने गृहराज्य ओडिशा जाएंगी। 14 जुलाई को राज्य के नए राज्यपाल रमेश बैस शपथ लेंगे। वो 13 अप्रैल को रांची पहुंचेगे। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी आदेश के तहत 8 राज्यों में राज्यपाल को बदला गया। त्रिपुरा के राज्यपाल रहे रमेश बैस को झारखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया। मौजूदा राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू की विदाई की बेला आ चुकी है। 

मुख्यमंत्री की राज्यपाल से शिष्टाचार मुलाकात
गौरतलब है कि जैसे-जैसे राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू की विदाई की बेला पास आती जा रही है वैसे राज्य के प्रमुख लोगों का उनसे मुलाकातों का सिलसिला जारी है। शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यपाल से मुलाकात की। उन्होंने इस बात की जानकारी अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल के जरिए दी। उन्होंने राज्यपाल के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि आज राजभवन में माननीय राज्यपाल श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार मुलाकात हुई। बता दें कि अभी तक कई यूनिवर्सिटी के वीसी, प्रोफेसर्स, राज्य के पुलिस महानिदेशक सहित अन्य गणमान्य लोग राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर चुके हैं। मुलाकातों का सिलसिला जारी है। 



पूर्व मंत्री सरयू राय ने भी की राज्यपाल से मुलाकात
बीजेपी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे और वर्तमान में पूर्वी जमशेदपुर सीट से निर्दलीय विधायक सरयू राय ने भी राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। सोशल मीडिया में इस मुलाकात से जुड़ी तस्वीरें घूम रही है। ये भी एक शिष्टाचार मुलाकात थी। सरयू राय ने राज्यपाल को बुके भेंट किया और बतौर राज्यपाल उनके कार्यों के लिए शुक्रिया अदा किया। 



बीजेपी प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव की राज्यपाल से मुलाकात
झारखंड बीजेपी के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने भी राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। उन्होंने भी सोशल मीडिया में उस मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि झारखंड की राज्यपाल महामहिम श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को एमटीजी सम्मान मिला। अपने कार्यकाल की समाप्ति के बाद मैडम ओड़िशा के मयूरभंज में अपने पैतृक गांव जा रही हैं। उनको भविष्य के लिए शुभकामनाएं। प्रतुल शाहदेव ने लिखा कि झारखंड आपके योगदान को याद करेगा। 


सबसे अधिक समय तक राज्यपाल रहीं द्रौपदी मुर्मू
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि द्रौपदी मुर्मू सबसे लंबे समय तक झारखंड की राज्यपाल रहीं। उन्होंने ना केवल पांच साल का अपना कार्यकाल पूरा किया बल्कि इसके बाद भी पद पर बनी रहीं। उनका कार्यकाल पिछले वर्ष 17मई को ही खत्म हो गया था। झारखंड की पहली महिला राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू का छह साल 1 महीने और 18 दिन का कार्यकाल अपेक्षाकृत विवादों से भरा रहा।