logo

'द पीपुल्स लीडर' लोकार्पित: सरयू राय ने सच्चाई के पथ पर चलकर बनाया अपना अलग मुक़ाम- CM

15357news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विधान सभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने आज 'द पीपुल्स लीडर' पुस्तक का विमोचन किया। लोकार्पण समारोह प्रोजेक्ट बिल्डिंग के सभागार में आयोजित था। यह किताब पूर्व मंत्री व विधायक सरयू राय की जीवनी पर आधारित है। इसे विवेकानंद झा ने लिखा है। मौके पर सीएम बोले कि सरयू राय ने हमेशा चुनौतियां स्वीकार की हैं। इन्होंने साहस और धैर्य का परिचय देते हुए सभी चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना भी किया है। सच्चाई के पथ पर चलकर अपना अलग मुकाम बनाया है। इन जैसे लोगों के चलते ही आज भी 'सत्यमेव जयते' जिंदा है। सरयू राय परिचय के मोहताज नही हैं। काफी समय से इनके साथ मुझे काम करने का मौका मिला है। इनके सुझावों और विचारों से मैं हमेशा प्रभावित हुआ हूं। मुझे लगता है कि मैं ही नहीं बल्कि बहुत सारे लोग इनके विचारों से प्रभावित होंगे। एक अच्छे लेखक एवं एक अच्छे राजनीतिज्ञ के रूप में लोगों के बीच इनकी चर्चा सदैव होती रहती है। मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व विधायक राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, प्रभात प्रकाशन के निदेशक पीयूष कुमार सहित अन्य लेखक, साहित्यकार एवं शिक्षाविद उपस्थित थे।

 

 

पुस्तकें एक बेहतर प्रबंधन के साथ राज्य को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देती हैं

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक सरयू राय द्वारा लिखी गई पुस्तकें राज्य सरकार को एक बेहतर प्रबंधन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।हम सभी लोगों को पूर्व की गलतियों से सीख लेते हुए साथ मिलकर एक बेहतर प्रबंधन के साथ राज्य को आगे ले जाना है। आने वाले समय लेखक विवेकानंद झा द्वारा लिखी गई पुस्तक 'द पीपुल्स लीडर' राज्य को एक बेहतर दिशा देगी। मैं अपनी ओर से 'द पीपुल्स लीडर' पुस्तक की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूं।

 

 

सकारात्मक कार्यों और अच्छे सुझावों को सम्मान देना नैतिक कर्तव्य

इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने कहा कि कृतज्ञ समाज का उत्तरदायित्व बनता है कि जो लोग अच्छे कार्य करते हैं उनके कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचानी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक श्री सरयू राय ने हमेशा अच्छे कार्य किए हैं। उन्होंने एकला चलो के राह को अपनाते हुए अपनी नीति और सिद्धांत के साथ कभी समझौता नहीं किया है। श्री सरयू राय ने कभी भी गलत लोगों का साथ नहीं दिया। विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि निश्चित रूप से राज्य हित एवं जनहित से संबंधित मामलों में श्री सरयू राय द्वारा दिए गए सुझावों का राज्य सरकार स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही के दौरान सकारात्मक कार्यों और अच्छे सुझावों को सम्मान देना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है।

'द पीपुल्स लीडर' पुस्तक में हैं कई अनछुए पहलुओं की जानकारी..

मौके पर 'द पीपुल्स लीडर' पुस्तक के लेखक विवेकानंद झा ने पुस्तक के विषय-वस्तु की विस्तृत जानकारी अपने संबोधन में रखीं। उन्होंने कहा कि श्री सरयू राय से संबंधित व्यक्तिगत, सामाजिक, राजनीतिक जीवन के कई अनछुए पहलुओं को इस पुस्तक में दर्शाया गया है। वर्ष 1974 छात्र आंदोलन, आपातकाल में भूमिका, राजनीति में पदार्पण, विभिन्न मुद्दों पर मतभेद, घोटालों को उजागर करने में भूमिका से लेकर कई अन्य घटनाओं का जिक्र इस पुस्तक में किया गया है। सीएम और स्पीकर ने शॉल ओढ़ाकर श्री सरयू राय को सम्मानित भी किया।