logo

राहुल गांधी हुए कोरोना संक्रमित, ट्वीट कर दी जानकारी

राहुल गांधी हुए कोरोना संक्रमित, ट्वीट कर दी जानकारी
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। राहुल गांधी ने खुद के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी ट्वीट के जरिए दी। राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा कि हल्के लक्षण महसूस करने पर मैंने जांच करवाई। मैं कोरोना संक्रमित पाया गया हूं। वे सभी लोग जो हाल में मेरे संपर्क में आए हैं, कृपया अपनी जांच करवा लें। 

हेमंत सोरेन ने जल्दी स्वस्थ होने की कामना की
राहुल गांधी के ट्वीट पर रिट्वीट करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। हेमंत सोरेन ने लिखा कि राहुल गांधी जी, मैं प्रार्थना करता हूं कि आप जल्दी स्वस्थ हों। बता दें कि आज ही हेमंत सोरेन ने झारखंड में स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के तहत संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की है। झारखंड में सात दिनों तक संपूर्ण लॉकडाउन लगाया गया है। 

पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह भी कोरोना संक्रमित
बता दें कि अभी दो दिन पहले ही पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. मनमोहन सिंह कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को एहतियातन एम्स में भर्ती करवाया गया है। हालांकि, राहुल गांधी हॉस्पिटल में भर्ती नहीं कराए गए हैं। उन्होंने अपने आवास में खुद को आइसोलेट कर लिया है। गौरतलब है कि अभी कुछ दिन पहले कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल में अपनी सभी चुनावी रैलियां रद्द कर दी थीं।