logo

मोदी की जनविरोधी नीतियों से परेशान जनता कांग्रेस में देख रही विकल्प : राजेश ठाकुर

14458news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

केन्द्र की वर्तमान मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी से आमजनता काफी त्रस्त है। ऐसे माहौल में जनता कांग्रेस को आशा भरी निगाहों से विकल्प के रूप में देख रही है। कांग्रेस के पक्ष में बदलते हुए इस राजनीतिक माहौल एवं कांग्रेसजनों के उत्साह को देखते हुए पार्टी पदाधिकारियों की यह जिम्मेदारी है कि वे आमलोगों को पार्टी के साथ जोड़कर सदस्यता अभियान के लक्ष्य को समय पर पूरा करें। यह बातें झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कही। वह विशेष सदस्यता अभियान की शुरुआत के दौरान आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मुझे भरोसा है कि इस महत्वपूर्ण कार्य में पार्टी की प्रदेश कमेटी के साथ-साथ सभी सांसद-विधायक एवं मंत्रीगण अपना पूरा सहयोग देंगे। राजेश ठाकुर ने कहा कि इस बार झारखंड कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह ने झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी को 15 लाख नए सदस्यों को कांग्रेस पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य दिया है, जिसे हम पूरा करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए सदस्यता अभियान के प्रभारी ने रामाश्रय प्रसाद ने सदस्यता अभियान में पार्टी के तमाम पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ-साथ मंत्री-विधायक एवं सांसदों से कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।
 

जिला कमिटियों को किया जाएगा प्रोत्साहित

कांग्रेस विधायक दल के नेता सह ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि सदस्यता अभियान के माध्यम से आम लोगों को पार्टी से जोड़ना बहुत ही आवश्यक है। इस कार्य के लिए जिला कमेटियों को विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा एवं जो जिला कमेटी अव्वल आएंगे। उन्हें पार्टी की तरफ से विशेष सम्मान भी दिया जाएगा।

पार्टी से 50 हजार सदस्यों को जोड़ूंगा

स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी इस अभियान में अपना पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया तथा कहा कि वे अपने स्तर से लगभग 50 हजार सदस्यों को पार्टी से जोड़ेंगे। कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने प्रदेश कांग्रेस कमिटी का हर निर्देश पालन करने की बात कही।  

धनबाद जिलाध्यक्ष ब्रजेन्द्र हुए सम्मानित

पिछले सत्र में पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा सदस्य बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने धनबाद जिलाध्यक्ष ब्रजेन्द्र सिंह को सम्मानित किया।