logo

झारखंड के पुलिसकर्मियों में तेजी से बढ़ रहा कोरोना का संक्रमण, अबतक 645 पाए गए पॉजिटिव

484news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड में जिस रफ्तार से कोरोना का संक्रमण बढ़ रहा है। उसी रफ्तार से पुलिसकर्मी भी इसकी जद में आ रहे हैं। अबतक झारखण्ड में कुल 645 पुलिसकर्मी पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें अपर पुलिस अधीक्षक- 01, पुलिस उपाधीक्षक- 05, पुलिस निरीक्षक स्तर के- 06 पदाधिकारी, पुलिस अवर निरीक्षक स्तर के- 52 पदाधिकारी, उच्च वर्गीय लिपिक स्तर के - 02 पदाधिकारी, सहायक अवर निरीक्षक के स्तर के- 80 पदाधिकारी, आशु.स.अ.नि.- 05, हवलदार- 54, आरक्षी/चालक- 353, चतुर्थवर्गीय कर्मचारी-27 और गृहरक्षक-15 हैं। इन सभी को जोड़ दिया जाय तो आंकड़ा 600 पहुंचता है। एक पुलिसकर्मी की रविवार को मौत हो गई थी। जबकि कोविड-19 से संक्रमित 44 पुलिसकर्मी स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।

26 जुलाई को सामने आए 500 से ज्यादा नए मामले 

झारखंड में कोरोना मरीजों की संख्या में दिन-ब-दिन बढोत्तरी होती जा रही है। 26 जुलाई को भी 500 से ज्यादा मरीज यहां सामने आए हैं। इनमें से पूर्वी सिंहभूम में सबसे ज्यादा 126 नए मरीज सामने आए हैं। रांची में 100 के आसपास कोरोना संक्रमित मिले हैं। लगातार संक्रमितों की बढ़ती संख्या से सरकार भी चिंतित है। अस्पतालों में बिस्तर नाकाफी साबित हो रहे हैं जिसके चलते नई-नई जगह को चिन्हित किया जा रहा है ताकि इसे कोविड केयर के रूप में तब्दील किया जा सके। पिछले दिनों सीएम हेमंत सोरेन ने कुटे में कोविड केयर बनाने के लिए निरीक्षण किया था। रिम्स से लेकर रांची के ज्यादातर अस्पतालों में मरीजों की संख्या से बिस्तर फुल है। एक मरीज डिस्चार्ज होता है तो उसकी जगह तीन नए मरीज सामने आ जाते हैं। सरकार लोगों से लगातार सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क पहनने की अपील करती नजर आ रही है। ताकि संक्रमण के चेन को रोका जा सके।