logo

'धोनी' के लिए पहला रिटेंशन कार्ड इस्तेमाल करेगी CSK, कहा- जहाज को कप्तान की जरूरत होती है 

13822news.jpg

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

क्या महेंद्र सिंह धोनी अगले साल भी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल खेलते नजर आएंगे। ये सवाल सबके मन में है। चौथी बार आईपीएल ट्राफी जीतने के बाद पोस्ट मैच प्रजेंटेशन के दौरान कमेंटेटर हर्षा भोगले ने धोनी से कहा था कि आप एक महान विरासत छोड़ रहे है, इसके जवाब में धोनी ने कहा था कि उन्होंने अभी टीम नहीं छोड़ी है। धोनी ने कहा था कि मैं सीएसके के लिए खेलूंगा या नहीं, ये बीसीसीआई पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि अगले सीजन 2 नई टीमें शामिल होंगी।

काफी कुछ बीसीसीआई पर निर्भर है
धोनी ने कहा था कि मेगा ऑक्शन होगा। हमें रिटेंशन पॉलिसी भी देखनी होगी। ये भी देखना होगा कि सीएसके कितने खिलाड़ियों को रिटेन करती है। इसका भी ध्यान रखना होगा कि फ्रेंचाइजी को नुकसान ना हो। अब इस उहापोह का जवाब मिल गया है। चेन्नई सुपर किंग्स प्रबंधन ने स्पष्ट कर दिया है कि वो कैप्टन कूल धोनी को रिटेन करने जा रही है। ये फैंस के लिए खुशखबरी है। 

पहला रिटेंशन कार्ड धोनी के लिए होगा
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में सीएसके से जुड़े एक अधिकारी ने कहा कि मेगा ऑक्शन में पहला रिटेंशन कार्ड महेंद्र सिंह धोनी के लिए इस्तेमाल किया जायेगा। अधिकारी ने कहा कि धोनी रिटेन होंगे और ये स्पष्ट है। हालांकि अभी हमें जानकारी नहीं है कि हम कितने लोगों को रिटेन कर सकते हैं, लेकिन ईमानदारी से कहूं तो पहला रिटेंशन कार्ड धोनी के लिए इस्तेमाल किया जायेगा। जहाज को कप्तान को जरूरत होती और हम ये सुनिश्चित करेंगे कि धोनी अगले साल भी टीम का नेतृत्व करेंगे। धोनी ने हमेशा टीम के लिए वो किया जिसके लिए वो पहचाने जाते हैं। 

मजबूत कोर टीम बनाने पर होगा फोकस
गौरतलब है कि धोनी ने कहा था कि फ्रेंचाइजी के साथ उनका भविष्य इस बात पर निर्भर करेगा कि बीसीसीआई क्या चाहता है। दो नई टीमें अगले सीजन  जुड़ेंगी। हमें ये देखना होगा कि चेन्नई सुपर किंग्स के लिए क्या अच्छा है। ये टीम के सीजन में तीसरे या चौथे नंबर पर रहने के बारे मे नहं है बल्कि एक मजबूत कोर टीम बनाने के बारे में ताकि फ्रेंचाइजी मुश्किल में ना पड़े। हमें ऐसे कोर ग्रुप के बारे में सोचना है जो अगले 10 साल तक टीम को आगे लेकर जाये। 

खत्म हो गया आईपीएल का 14वां सीजन
आईपीएल का 14वां सीजन खत्म हो गया। कैप्टन कूल धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने फाइनल में कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर चौथी बार आईपीएल का खिताब जीता। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स 2010, 2011, 2018 में भी खिताब जीत चुकी है। धोनी की कप्तानी में सीएसके ने 2 बार चैंपियंस लीग का भी खिताब जीता। गौरतलब है कि ट्राफी जीतने के बाद कप्तान धोनी ने प्रतिद्वंदी केकेआर की तारीफ करते हुए खिताब का असली हकदार बताया था।