logo

4 दिसंबर को विशाखापट्टनम पहुंचेगा चक्रवात जवाद, ओडिशा में 100 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवायें

4 दिसंबर को विशाखापट्टनम पहुंचेगा चक्रवात जवाद, ओडिशा में 100 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवायें

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

चक्रवाती तूफान जवाद का खतरा बढ़ता जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि तूफान 3 दिसंबर की मध्य रात्रि को पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तट से टकराएगा। तूफान का सबसे व्यापक प्रभाव उत्तरी आंध्र प्रदेश, दक्षिण ओडिशा और पश्चिम बंगाल में होगा। तेज हवा के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 

तटवर्ती इलाकों में तबाही मचाएगा जवाद
गौरतलब है कि बंगाल की खाड़ी में निम्न दवाब की वजह से उपजा ये तूफान तटवर्ती इलाकों में भारी तबाही मचा सकता है। 2 दिन के लिए 95 ट्रेनों को रद्द किया गया है क्योंकि तटवर्ती इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 70 किमी प्रति घंटा होगी। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की भी चेतावनी जारी की गई है। ओडिशा के पांच जिलों में रेड अलर्ट और सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मछुआरों से कहा गया है कि समुद्र की तरफ ना जायें। 

एनडीआरएफ की 46 टीमों को किया तैनात
एनडीआरएफ के डीजी अतुल करवाल ने कहा कि कुल 46 टीमों को ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश भेजा गया है। इन तीनों तटवर्ती राज्यों के अलग-अलग जिलों में टीमों को तैनात किया है। यदि किसी भी दल को एयरलिफ्ट करने की नौबत आई तो इसके लिए आईडीएस अलर्ट पर है। तैनात 46 टीमों के अलावा बाकी 18 स्टैंडबाई पर हैं। 

ओडिशा के इन जिलों में होगी भारी बारिश
इस बीच ओडिशा में मौसम विज्ञान विभाग के डीजी मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि भारी बारिश की वजह से बिजली और टेलिफोन की लाइन बाधित हो सकती है। आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में चक्रवात का अलर्ट जारी किया गया है। ये तूफान आगे चलकर भीषण चक्रवात में तब्दील हो सकता है। तूफान कल शाम तक विशाखापट्टनम पहुंच जायेगा। 

4 दिसंबर को विशाखापट्टनम पहुंचेगा तूफान
विशाखापट्टम के बाद चक्रवात ओडिशा की तरफ बढ़ेगा। तटवर्ती जिलों में भारी बारिश होगी। 4 दिसंबर को बारिश की रफ्तार और मात्रा काफी ज्यादा होगी। हवा 50 से 55 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलने की संभावना है। धीरे-धीरे इसकी रफ्तार बढ़कर 100 किमी प्रति घंटा तक पहुंच जायेगी। लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।