logo

विश्व की नंबर एक तीरंदाज बनीं दीपिका कुमारी, टोक्यो ओलंपिक में पेश करेंगी दावेदारी

10266news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

पेरिस में संपन्न विश्व तीरंदाजी चैंपियनशीप में तीन गोल्ड जीतने वाली दीपिका कुमारी ने ताजा रैंकिंग में ऊंची छलांग लगाई है। दीपिका कुमारी विश्व तीरंदाजी रैंकिंग में नंबर एक पर काबिज हो गई हैं। पेरिस में उम्दा प्रदर्शन की वजह से दीपिका को 90 रैंकिंग प्वॉइंट्स मिले। इससे वो तीसरे से पहले नंबर पर आ गईं। दीपिका दूसरे स्थान पर काबिज फ्रांस की लिजा बार्बेलिन से 38 अंक आगे हैं।

ओलंपिक में हिस्सा लेंगी दीपिका कुमारी
इस बीच ये भी जान लीजिए की दीपिका एकमात्र महिला तीरंदाज हैं जो ओलंपिक खेलों में हिस्सा लेंगी। नंबर एक तीरंदाज के रूप में दीपिका कुमारी टोक्यो ओलंपिक में अपनी मजबूत दावेदारी पेश करेंगी। मालूम हो कि दीपिका इससे पहले साल 2012 में नंबर एक तीरंदाज बनी थीं। दीपिका के पति अतानु दास ने भी ताजा रैंकिंग में छलांग लगाई है। वो चार पायदान ऊपर टॉप 10 में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं। 

दीपिका ने पेरिस में जीता तीन गोल्ड मेडल 
गौरतलब है कि पेरिस में आयोजित विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में झारखंड की दीपिका कुमारी ने व्यक्तिगत स्पर्धा, टीम स्पर्था और मिश्रित युगल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। मिश्रित स्पर्धा में उनके साथी खिलाड़ी थे उनके पति अतानु दास। टीम स्पर्धा में दीपिका कुमारी के साथ कोमोलिका बारी और अंकिता भकत भी थीं। दीपिका कुमारी को विश्व चैंपियन बनने के साथ रैंकिंग में बढ़त की दोहरी खुशी मिली है।