logo

एचईसी HEC के बाहर कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी, जमकर लगे नारे, मुख्यालय की बढ़ाई गई सुरक्षा 

16925news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची : 

एचईसी में 39 दिनों से लगातार टूल डाउन स्ट्राइक जारी है। आज सुबह कर्मचारियों ने निगम मुख्यालय के सामने एचएमबीपी गेट के पास प्रदर्शन किया है। प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। श्रमिक नेताओं ने कहा कि प्रबंधन बिना बकाया वेतन को लेकर स्थिति स्पष्ट किए ही कर्मचारियों को काम पर वापस लौटने के लिए कह रहा है। 7 जनवरी को एचईसी प्रबंधन ने दावा किया था कि स्ट्राइक समाप्त हो जाएगी और प्लांटों में उत्पादन शुरू हो जाएगा लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। प्रदर्शन को देखते हुए एचईसी प्रबंधन ने मुख्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी है। सीआईएसएफ जवानों के अलावा जिला प्रशासन के जवान भी तैनात किए गए है।

प्रतिनिधिमंडल जाना चाहता है अंदर 
प्रदर्शनकारियों के बीच से ही एक प्रतिनिधिमंडल एचईसी मुख्यालय में बैठे डायरेक्टर्स से बातचीत के लिए जाना चाहता था। लेकिन उसे नहीं जाने दिया गया। गेट पर ही प्रतिनिधिमंडल को रोक दिया गया। इसके बाद कर्मचारी और उग्र हो गए। मुख्यालय गेट के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया।  कर्मचारियों के इस आंदोलन को कांग्रेस का समर्थन मिल रहा है। बता दें कि कर्मचारियों ने 2 दिसंबर 2021 को सुबह 9 बजे काम बंद कर दिया था। 

जारी रहेगी  स्ट्राइक 
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि एचईसी के एचएमटीपी, एचएमबीपी और एफएफपी प्लांट में कुछ कर्मचारियों ने मशीनों को ऑन किया है। यह कर्मचारी दो यूनियनों के हैं। दोनों श्रमिक संगठन के नेता कर्मचारियों के बजाए प्रबंधन के आला अफसरों के लिए काम कर रहे हैं।  कर्मचारियों के साथ अभी छह श्रमिक संगठन खड़े हैं। जबतक प्रबंधन बकाया वेतन भुगतान को लेकर अपना पक्ष स्पष्ट नहीं करता है, तबतक टूल डाउन स्ट्राइक जारी रहेगा।


उद्योग मंत्रालय से नहीं मिलेगी मदद
प्रदर्शनकारियों ने कहना है कि भारी उद्योग मंत्रालय भी गंभीर नहीं हैं। मंत्रालय से कोई सहयोग मिलने वाला नहीं है, यह स्पष्ट हो गया है। ऐसे में एचईसी प्रबंधन के पास क्या योजना है, यह प्रबंधन को बताना होगा। कंपनी में जबतक स्थाई सीएमडी नहीं आता है, तबतक ऐसी परेशानियों से गुजरना पड़ेगा। कर्मचारी एचएमबीपी गेट के सामने प्रदर्शन करते रहे और प्रबंधन विरोधी नारेबाजी की।