logo

राज्य सरकार के इशारे पर सिंह मेंशन को बदनाम करने की हो रही है साजिश- रागिनी सिंह

15825news.jpg

द फॉलोअप टीम, धनबाद:


पिछले तीन दिनों से झरिया के सिंहनगर और बस्ताकोला इलाके में सिंह मेंशन और रघुकुल समर्थकों के बीच जारी मारपीट के बाद तनाव को लेकर भाजपा नेत्री रागिनी सिंह ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उन्होंने कहा कि रघुकुल के समर्थक झरिया से कांग्रेस विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह से गहरे जुड़े हुए हैं। राज्य सरकार ने जिले के अधिकारियों को रघुकुल समर्थकों पर कारवाई करने से मना कर रखा है।

 

किस वजह से समर्थकों पर हुआ हमला! 
यही कारण है कि आए दिन रघुकुल समर्थक उनके समर्थकों पर हमला करते रहते हैं। पिछले तीन दिनों से उनके लोगों पर लगातार हमला कर जख्मी किया जा रहा है। लेकिन एक भी रघुकुल समर्थक पर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन कारवाई करने की जगह उन्हें लगातार शह देता चला आ रहा है। जिस कारण से उनका मनोबल बढ़ा हुआ है।

न्यायालय के फैसले से बौखलाये समर्थक
यह स्थिति उस समय से और भयावह होती चली जा रही है जब से रांची उच्च न्यायालय ने जनता मजदूर संघ को लेकर अपना फैसला सिंह मेंशन के पक्ष में सुनाया है। इससे बौखलाए रघुकुल समर्थक सिंह मेंशन के समर्थकों को लगातार निशाना बना रहा हैं। इसी क्रम में रागिनी सिंह ने कहा कि शनिवार की रात झरिया सिंह नगर में दो हयावा ट्रक रघुकुल समर्थकों ने जला दिए थे।जिसकी वह घोर निन्दा करती हैं।उन्होंने कहा कि झरिया में हर्ष सिंह एवं एकलव्य सिंह के इशारे पर ऐसे कुकृत्य कराए जा रहे है और झरिया में लोग डर के साए में जी रहे है। 

राज्य सरकार की मिली भगत से ही ऐसे घृणित कार्य किए जा रहे है। ऐसे में जिला प्रशासन को इसकी निष्पक्ष जांच कर घटना में जुड़े दोषियों को पकड़ उन सभी पर कड़ी कार्यवाही करनी चाहिए। ताकि फिर से कोई इस तरह की वारदात को अंजाम ना दे सके और इलाके में शांति सद्भावना कायम की जा सके।