द फॉलोअप टीम, रांचीः
खेल जगत में तो रांची के राजकुमार महेंद्र सिंह धोनी अव्वल है ही, लेकिन अब वह टैक्स पे करने के मामले में भी सबसे आगे निकल गये हैं। वह राज्य के सबसे बड़े व्यक्तिगत करदाता हैं। वित्तीय वर्ष 2020-21 में माही ने टैक्स के रूप में 30 करोड़ रुपये का भुगतान किया था। पिछले साल उनकी कर योग्य आमदनी 100 करोड़ थी। उन्होंने अप्रैल 2020 से नवंबर 2020 तक एडवांस टैक्स के रूप में 10 करोड़ रुपये का भुगतान किया था। इस बार चालू वित्तीय वर्ष 2021-22 में उन्होंने अप्रैल 2021 से नवंबर 2021 तक 13 करोड़ रुपये जमा किया है, यानि कोरोना काल होने के बावजुद भी धोनी की कमाई बढ़ी है।

आईपीएल से बढ़ी कमाई
इस बार उनके दिये टैक्स के हिसाब से वर्ष 2021-22 में उनकी कर योग्य आमदनी 130 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। वित्तीय वर्ष 2020-21 की शुरुआत कोविड-19 की वजह से आइपीएल भी तय समय से नहीं हुआ था। आधा आइपीएल होने के बाद मैच को दुबई शिफ्ट कर दिया गया था। चालू वित्तीय वर्ष के दौरान आइपीएल का आयोजन हुआ। आइपीएल की वजह से धोनी की आमदनी में पिछले साल के मुकाबले 30 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है , ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है।
इनकम टैक्स विभाग कर चुका है सम्मानित
धोनी राज्य में सबसे ज्यादा टैक्स भुगतान करते हैं, इस वजह से आयकर विभाग उन्हें आयकर मंथन कार्यक्रम में सम्मानित भी कर चुका है। वित्तीय वर्ष 2017-18 में 57.04 करोड़ रु. टैक्स भरा था। उस साल का व्यक्ति श्रेणी में यह सर्वाधिक टैक्स था।