logo

कोरोना से हुई पति और बेटे की मौत, 2 दिन तक लाश के साथ रही दिव्यांग महिला

8027news.jpg
द फॉलोअप टीम, लखनऊ: 
कोरोना संकट काल में देश के अलग-अलग हिस्सों से कई दिल दहलाने वाली खबरें सामने आई। ताजा मामला यूपी का है। यहां कोरोना संक्रमित पिता-पुत्र की होम आइसोलेशन में मौत हो गयी। घर में एक दिव्यांग महिला भी थी। महिला कई दिनों तक लाश के साथ रहती रही। वो चीखती-चिल्ताती रही लेकिन किसी ने उसकी आवाज नहीं सुनी। इलाके में घटना की वजह से सनसनी फैल गयी। 

लखनऊ के कृष्णानगर की है पूरी घटना
ये पूरी घटना यूपी की राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर कॉलोनी की है। यहां रहने वाले 65 वर्षीय अरविंद गोयल और उनके 25 वर्षीय बेटे आशीष गोयल उर्फ गोलू को कोरोना था। पिता-पुत्र होम आइसोलेशन में थे। घर में अरविंद के साथ उनकी पत्नी रंजना गोयल भी थीं। रंजना गोयल दिव्यांग हैं। कुछ दिन पहले अरविंद और आशीष की तबीयत बिगड़ गयी। दोनों की मौत हो गयी। मौत के कई दिन बाद तक किसी को पता नहीं चला। अचानक रविवार को घर से दुर्गंध आने लगी तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। कृष्णानगर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा। 

पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला
कृष्णानगर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों शवों को बाहर निकाला। रजंना गोयल भी घर में बेहाल पड़ी थीं। रंजना ने बताया कि पति और बेटे की मौत के बाद उन्होंने खूब आवाज लगाई। चीखी-चिल्लाई लेकिन कोई मदद नहीं मिली। दिव्यांग होने की वजह से वो दरवाजे तक नहीं जा सकीं। परिणाम ये हुआ कि वो दो लाशों के साथ रहती रहीं। जब दुर्गंध आई तो पड़ोसियों ने कृष्णानगर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद पिता-पुत्र का अंतिम संस्कार किया जायेगा। 

होम आइसोलेशन में हो गयी युवक की मौत
लखनऊ में एक और ऐसी घटना घटी। कृष्णानगर कॉलोनी के ही डी-1 ब्लॉक स्थित एक मकान से 35 वर्षीय युवक का शव मिला। मृतक की पहचान विवेक शर्मा के रूप में की गयी। विवेक भी कोरोना संक्रमित था और होम आइसोलेशन में था। घर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने इसकी सूचना विवेक के किसी रिश्तेदार को दी। रिश्तेदार ने पुलिस को फोन किया। पुलिस ही युवक का अंतिम संस्कार कराएगी। इन दोनों घटनाओं ने समाज की भूमिका पर सवाल खड़ा किया है।