logo

लोहरदगा में बिजली संकट: नए पांच एमबीए पावर ट्रांसफार्मर फेल, दूसरा एक जल गया

12040news.jpg

द फ़ॉलोअप टीम, लोहरदगा:
लोहरदगा में बिजली संकट थमने का नाम नहीं ले रहा है। लोगों की परेशानी दिन-प्रतिदिन बढती जा रही है। 18 अगस्त को लगाए गए पांच एमबीए पावर ट्रांसफार्मर फेल हो गए हैं। एक अन्य पावर ट्रांसफार्मर भी 20 अगस्त की रात्रि में जल गया। स्थिति ऐसे हो गई है कि इससे जलापूर्ति पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है। करीब एक महीने के बाद जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त किया गया था। अब फिर से लोगों को पानी के लिए इस बरसात में पानी-पानी होना पड़ेगा।

क्या कहना है विद्युत विभाग का 
लोहरदगा के कार्यपालक अधिकारी विद्युत प्रमंडल जेम्स कुजूर ने बताया कि अचानक दो पावर ट्रांसफॉर्मर के जल जाने से स्थिति गंभीर हो गई है। उन्होंने बताया कि इसकी जानकारी अधीक्षण अभियंता के अलावा विभाग के तमाम बड़े अधिकारियों को दे दी गई है। अभी कुछ दिनों तक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। 

बिजली पर राजनीति गर्म 
भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष मनीर उरांव और लोहरदगा नगर पर्षद के पूर्व उपाध्यक्ष बलराम साहू ने कहा कि लोहरदगा के विधायक राज्य में शक्तिशाली मंत्री हैं। बावजूद यहां के लिए घटिया ट्रांसफार्मर भेज दिया गया। भारी भरकम ट्रांसफार्मर को चढ़ाने में तीन दिन से अधिक का समय लगा था। बरसात में मिट्टी गीली होने के कारण कर्मियों को भारी परेशानी की सामना करना पड़ा। जब ट्रांसफार्मर लगा तो वह असफल हो गया। दूसरे ट्रांसफार्मर में अधिक लोड होने के कारण वह जल गया है। ऐसी स्थिति में शहर में बिजली आपूर्ति पूरी तरह से चरमरा गई है। लोगों का कोई काम ढंग से नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य का ऊर्जा मंत्रालय मुख्यमंत्री के पास है। बावजूद राज्य में बिजली की स्थिति नाजुक बनी हुई है। लोहरदगा में बिजली व्यवस्था निर्बाध रूप से जारी रहे इसके लिए सरकार से तत्काल नए पावर ट्रांसफार्मर प्राथमिकता के आधार पर लोहरदगा को उपलब्ध कराने की मांग की गई।