logo

139 यात्रियों से भरी गो फर्स्ट फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, टल गया बड़ा हादसा

15411news.jpg

द फॉलोअप टीम, नागपुर: 

बेंगलुरु से पटना जाने वाली फर्स्ट गो की फ्लाइट बड़ी दुर्घटना का शिकार होने से बच गई। हवाई जहाज के कप्तान ने समय रहते विमान की आपातकालीन लैंडिंग करवाई। विमान में 139 यात्री सवार थे। इसके अलावा चालक दल के सदस्य भी थे। नागपुर हवाई अड्डे की अधिकारी अभिद्द रूही ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण विमान की नागपुर हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करवाई गई। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। 

फ्लाइट के इंजन में खराबी आ गई थी
मिली जानकारी के मुताबिक बेंगलुरू से पटना जाने वाली गो फर्स्ट फ्लाइट के कॉकपिट में इंजन में खराबी की चेतावनी दी गई। इसके लिए फ्लाइट को नागपुर के लिए डायवर्ट किया गया। कप्तान को एहतियात के तौर पर इंजन को बंद करना पड़ा। फ्लाइट के कैप्टन ने विमान को सुरक्षित नागपुर हवाई अड्डे पर उतार लिया। गो फर्स्ट के प्रवक्ता ने ये जानकारी दी। कहा जा रहा है कि समय रहते ही कैप्टन ने सूझबूझ दिखाई और बड़ा हादसा टाल दिया। 

वैकल्पिक विमान की व्यवस्था भी की गई
गो फर्स्ट के प्रवक्ता ने बताया कि सभी यात्रियों को विमान से उतारा गया। उन सबको नाश्ता परोसा गया। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए किसी अन्य विमान की व्यवस्था की गई है। वैकल्पिक विमान शाम 4 बजकर 45 मिनट पर पटना के लिए उड़ान भरेगा। इस विमान का निरीक्षण इंजीनियरिंग टीम द्वारा किया जा रहा है।