द फॉलोअप टीम, जोधपुर:
राजस्थान से दिल दहलाने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने रिश्तों को कलंकित करने वाला काम किया है। मामला राजस्थान के जोधपुर जिला स्थित लूणी इलाके का है। यहां एक पिता पर अपनी सगी नाबालिग बेटी से बलात्कार करने का आरोप लगा है। आरोप है कि हैवान बने पिता ने अपने दांत से अपनी बेटी की नाक काट ली। पुलिस ने मामले में आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल करवाया गया है। पीड़िता का इलाज जारी है।
नाबालिग पीड़िता ने पिता के खिलाफ दी शिकायत
नाबालिग पीड़िता ने अपने पिता के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दी है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि उसका पिता बीते कई साल से उसका बलात्कार कर रहा था। पिता, पीड़िता के साथ मारपीट भी करता था। पीड़िता का कहना है कि समाज के दवाब की वजह से उसने कभी ये बात किसी को नहीं बताई। जानकारी के मुताबिक पीड़िता को आरोपी पिता से बचाने के लिये उसके दादा ने पोती को दूसरे गांव में एक कमरा दिलवा दिया था। हालांकि, हैवान बने पिता ने यहां भी पचास हजार रुपये देकर एक दूसरे शख्स से अपनी बेटी का रेप करवाया।
पिता ने दूसरे युवक को पैसा देकर बेटी का रेप करवाया
पीड़िता के दादा ने आरोप लगाया है कि उसकी पोती को नशे की गोलियां खिलाकर रेप किया गया। पीड़िता जब उस गांव से भाग कर किसी तरह अपने घर पहुंची तो पिता ने दोबारा उसका रेप किया। आरोपी पिता ने रेप के दौरान पीड़िता की नाक काट ली। नाक की सर्जरी करवाने के लिये नाबालिग पीड़िता को हॉस्पिटल में भर्ती करवाना पड़ा। कहा जा रहा है कि डर के मारे नाबालिग ने यहां भी रेप की बात नहीं बताई। उसने पुलिस को केवल मारपीट की बात बताई। बाद में एक एनजीओ ने पीड़िता की सहायता की। तब जाकर पीड़िता ने लूणी थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
पत्नी पर अवैध संबंध के शक में हैवान बन गया पिता
इस घटना के पीछे की वजह भी काफी हैरान करने वाली है। जानकारी के मुताबिक आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी का किसी के साथ अवैध संबंध है। उसका मानना था कि पीड़िता उसकी बेटी नहीं है। पीड़िता जब केवल 3 साल की थी, तब उसके पिता ने उसकी मां को घर से निकाल दिया था।
कहा जा रहा है कि आरोपी पिता अपनी बेटी को नफरत भरी निगाह से देखता था। पीडि़ता के दादा-दादी उसका खयाल रखते थे। बताया जा रहा है कि जब पीड़िता 13 साल की हुई तभी से उसके पिता ने उसके साथ बलात्कार करना शुरू कर दिया था। बीते 2 साल से ये सिलसिला जारी था।
लूणी थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा हुआ दर्ज
लूणी थाने की एसएचओ परमेश्वरी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पिता के खिलाफ आईपीसी की धारा 341, 323, 326, 354 और 376 के तहत केस दर्ज किया गया है। एसएचओ परमेश्वरी ने बताया कि चूंकि पीड़िता नाबालिग है इसलिए आरोपी पिता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 5 भी लगाई गयी है। ये बात सामने आई थी कि पीड़िता को बंधक बनाकर 28 दिन तक उसका बलात्कार किया गया। पुलिस का कहना है कि ठीक होने के बाद यदि पीड़िता इस बात के समर्थन में बयान देती है तो पुलिस कार्रवाई करेगी।