logo

विभाग बोला! बारिश के बाद होगी सड़कों की मरम्मत, क्या हादसे मानसून खत्म होने का इंतजार करेंगे? 

12250news.jpg

द फॉलोअप टीम, दुमका: 

मानसून और झारखंड की सडकों की आपस में बनती नहीं है। जैसे ही मानसून की पहली बारिश होती है सड़कें धुलने लगती है। हालात और भी बदतर तब हो जाते हैं जब सड़कों की मरम्मत के नाम पर विभाग द्वारा खानापूर्ति कर दी जाती है। ताजा मामला दुमका जिले का है। गौरतलब है कि यहां राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल द्वारा दुमका-रामपुरहाट मुख्य मार्ग में मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति की गई है। सड़क में पड़े गड्ढों को केवल डस्ट से भर दिया गया। 

सड़क मरम्मति के नाम पर खानापूर्ति
गौरतलब है कि राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल देवघर द्वारा दुमका-रामपुरहाट रोड एनएच 114A में सड़क मरम्मत के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हुई है। सड़क के गड्ढों में डस्ट भर दिया गया है। महज एक सप्ताह में ही सारा डस्ट गड्ढे से बाहर  निकल चुका है। 

 

हमेशा बनी रहती है दुर्घटना की आशंका
रोड की मरम्मत नहीं होने के कारण अक्सर दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। सबसे ज्यादा नुकसान छोटे वाहन एवं दुपहिया वाहनों को होती है। पिनरगढ़िया, नांगल भांगा से सरस डंगाल, शिकारीपाड़ा बजरंगबली मंदिर के पास  एवं शिकारीपाड़ा से दुमका तक कई जगह छोटे-छोटे गड्ढे में भरे डस्ट भी बाहर आने लगे  हैं।  दुमका से रामपुरहाट तक रोड  किनारे  गड्ढे को भी नहीं गया है। 

बारिश के बाद होगी सड़कों की मरम्मत! 
द फॉलोअप संवाददाता ने विभाग से इस संदर्भ में संपर्क साधा। द फॉलोअप संवाददाता ने जब विभाग का पक्ष जानने के लिए फोन किया तो उनको बताया कि बारिश खत्म होने के बाद सड़क की मरम्मत की जायेगी। बारिश के बीच काम संभव नहीं है। सवाल यही है कि सड़क पर गड्ढा बन गया है। गड्ढे में पानी जमा हो जाता है। हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। क्या विभाग की तरह हादसे भी बारिश खत्म होने का इंतजार करेंगे। हालात बुरे हैं।