logo

हैप्पी बर्थडे धोनी: क्रिकेट खेलकर केवल 30 लाख रुपया कमाना चाहते थे कैप्टन कूल, "धोनी"

10532news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आज अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं। कैप्टन कूल की कमाई आज करोड़ों रूपये में है। वो भले ही आज बीसीसीआई के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का हिस्सा नहीं है बावजूद इसके पिछले साल उनकी नेटवर्थ 165 करोड़ रुपये थी। धोनी आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स के साथ-साथ अलग-अलग ब्रांड्स के विज्ञापन और बिजनेस के जरिए करोड़ों रूपये कमाते हैं। रांची के सिमलिया में उनका फार्म भी है जहां वे खेती करते हैं और दुग्ध उत्पादन भी। धोनी के पास दुनिया के बड़े से बड़े ब्रांड्स की दर्जनों बाइक्स हैं। उनके पास विंजेट कारों का बड़ा सा कलेक्शन भी है जिनकी तस्वीरें उनकी पत्नी साक्षी फैंस के साथ साझा करती हैं। 



वर्तमान में अरबों रुपये की संपत्ति के मालिक हैं धोनी
वर्तमान में अरबों रूपये की संपत्ति के मालिक धोनी ने कभी इसका लक्ष्य नहीं रखा था। धोनी अपने क्रिकेट करियर से केवल 30 लाख रुपया कमाना चाहते थे। कैप्टन कूल ने केवल 30 लाख रुपया कमाकर रांची में बाकी की जिंदगी शांति से बिताने का सपना भर देखा था। इस बात का खुलासा टीम इंडिया में कभी धोनी के टीममेट और रूम पार्टनर रहे पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर ने एक चैट सेशन के दौरान किया था। ट्विटर पर चैट सेशन मेमोरिज विद एमएस धोनी में वसीम जाफर ने इस बात का खुलासा किया था। उन्होंने एक फैंस के सवाल के जवाब में ये बात कही थी। 



वसीम जाफर से कही थी एमएस धोनी ने दिल की बात
वसीम जाफर ने कहा था कि ये धोनी के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर में डेब्यू के एक या दो साल बाद की बात है। एक सीरीज के दौरान मैं और धोनी रूम पार्टनर्स थे। एक रात होटल की बाल्कनी में हम दोनों खड़े थे। मैंने धोनी से पूछा कि वो अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में क्या सोचकर आये हैं। वे अपने करियर को आगे कहां तक देखते हैं। बकौल वसीम जाफर, धोनी ने उनसे कहा था कि वे यहां खेलकर 30 लाख रुपया कमाना चाहते हैं ताकि बाकी की जिंदगी रांची में शांति से बिता सकें। धोनी उन 30 लाख रुपयों से रांची में कोई व्यवसाय शुरू करना चाहते थे। धोनी ने अभी भी व्यवसाय किया है। पर हां....वो 30 लाख रुपये का नहीं है। 



इन स्त्रोतों से होती है महेंद्र सिंह धोनी को करोड़ों की कमाई
धोनी का फार्म है। धोनी ने बाइक रेसिंग कंपनी की फ्रेंचाइजी ले रखी है। फुटबॉल लीग में धोनी बॉलीवुड अभिनेता जॉन अब्राहम के साथ एक टीम के सहमालिक हैं। हॉकी इंडिया लीग में रांची राइनोज नाम की टीम में भी धोनी की हिस्सेदारी है। इसके अलावा विश्व के कई देशों में धोनी का जिम चेन भी है। साल 2020 में फोर्ब्स पत्रिका ने विश्व के सर्वाधिक अमीर क्रिकेटरों की लिस्ट जारी की थी। इस लिस्ट में धोनी दूसरे सबसे अमीर क्रिकेटर थे। साल 2020 में धोनी 20 ब्रांड्स के विज्ञापन में नजर आये थे। यही नहीं, आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स से धोनी को प्रति सीजन 17 करोड़ रुपये की बड़ी रकम मिलती है। है ना हैरानी और प्रेरित करनी वाली बात। 



टीम इंडिया के विश्व विजेता कप्तान रहे महेंद्र सिंह धोनी
चलते-चलते आपको बता दें कि टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी की अगुवाई में भारत ने 2007 का आईसीसी टी ट्वेंटी विश्व कप, 2011 का एकदिवसीय विश्व कप, 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी और साल 2010 और 2016 में एशिया कप का खिताब जीता है। धोनी की कप्तानी में ही टीम इंडिया पहली बार टेस्ट क्रिकेट में नंबर-1 भी बनी थी।