द फॉलोअप टीम, रांची:
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने आंध्रप्रदेश और कर्नाटक में एक-एक लोकसभा सीट के लिए होने जा रहे उपचुनाव और विभिन्न राज्यों में विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशी के नामों की सूची जारी की है। झारखंड के मधुपुर उपचुनाव में गंगा नारायण सिंह के नाम पर मुहर लग गई है। कुछ दिनों पहले ही उन्होंने आजसू पार्टी से त्याग पत्र देकर भाजपा की सदस्यता ली थी। 2019 में बतौर आजसू उम्मीदवार उन्होंने 46000 के करीब वोट हासिल किया था। बता दें कि हाजी हुसैन अंसारी के निधन होने के सबब यहां चुनाव हो रहा है। वे झामुमो से कई टर्म विधायक और मंत्री भी रहे। आज उनके बेटे हफीजुल हसन ने बहैसियत झामुमो प्रत्याशी नामांकन किया है। वो अभी राज्य के कला संस्कृति, खेल, युवा मामले के साथ अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हैं।