द फॉलोअप टीम, रांची
झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों के लिए खुशखबरी है। अब IPL की तरह यहां भी JPL यानी झारखंड प्रीमियर लीग का आयोजन होने जा रहा है। 15 सितंबर से JPL का आगाज होने जा रहा है। इसमें झारखंड के 6 जोन की कुल 6 टीमें हिस्सा लेगी। कुल 33 मैच इस दौरान खेले जाएंगे। मैच T-20 फॉर्मेट के आधार पर खेला जाएगा। इस प्रीमियर लीग का आयोजन ज्वाइंट रूप से TCM और JSCA करेंगे। शुक्रवार को गहन मंथन के बाद इसका एलान किया गया है। 16 दिनों तक झारखंड में क्रिकेट का रोमांच रहेगा।
ये 6 टीमें लेंगी हिस्सा
जो 6 टीमें JPL में खेलेगी, इनमें रांची राइडर्स, दुमका डेयरडेविल्स, धनबाद डाइनामस, सिंहभूम स्ट्राइकर्स, जमशेदपुर जगलर्स और बोकारो बल्सटर्स होगी। इन 6 टीमों में कुल 100 खिलाड़ी टूर्नामेंट में पार्टिसिपेट करेंगे। ये सभी वही खिलाड़ी होंगे जिनका रजिस्ट्रेशन झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन से हुआ है। इससे बाहर के खिलाड़ियों को इसमें मौका नहीं मिलेगा। खास बात ये है कि टीम के न तो कोई मालिक होंगे और न ही कोई फ्रेंचाइजी होगी। इस टूर्नामेंट का मकसद स्थानीय खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच देना है ताकि वो अपनी प्रतिभा से रणजी और IPL सहित बड़े प्लेटफॉर्म पर जा सके। JSCA और TCM ने कहा कि इस टूर्नामेंट को हर साल कराया जाएगा। इससे पहले धनबाद प्रीमियर लीग का भी आयोजन हो चुका है जो कि काफी सफल रहा था।
कोरोना को लेकर होगी कई बंदिशें
हालांकि कोरोना के प्रकोप के कारण दर्शकों को स्टेडियम में घुसने की इजाजत नहीं होगी। उम्मीद की जा रही है कि बाद में इसमें संशोधन भी हो सकता है और गृह मंत्रालय की गाइडलाइंस के तहत सोशल डिस्टेंसिंग को फॉलो करते हुए शायद इसकी अनुमति मिल जाय। मैच का प्रसारण टीवी पर होगा या नहीं अभी इसपर भी फैसला होना बाकी है। संभावना जतायी जा रही है कि किसी न किसी प्लेटफॉर्म पर मैच का लाइव प्रसारण किया जाएगा। मैच का फाइनल रांची के JSCA स्टेडियम या जमशेदपुर में कराया जा सकता है। धनबाद में भी फाइनल की संभावना को तलाशा जा रहा है।