logo

डॉ. हर्षवर्धन का डॉ. मनमोहन सिंह को जवाब- टीकाकरण का महत्व अपनी पार्टी को समझाएं

डॉ. हर्षवर्धन का डॉ. मनमोहन सिंह को जवाब- टीकाकरण का महत्व अपनी पार्टी को समझाएं
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कोरोना के हालात पर डॉ, मनमोहन सिंह द्वारा पीएम मोदी को लिखी गई चिट्ठी का जवाब दिया है। डॉ. हर्षवर्धन ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को जवाब में चिट्ठी लिखी। स्वास्थ्य मंत्री ने लिखा कि आप टीकाकरण के महत्व को समझते हैं। लेकिन आपकी पार्टी सहित राज्य में जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग आपकी बातों से कितना इत्तेफाक रखते हैं। कृपया अपना विचार साझा करें। अब कांग्रेस की तरफ से इसका क्या जवाब दिया गया इसका पता चलना बाकी है। 

पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह की चिट्ठी
गौरतलब है कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी थी। इस चिट्ठी में डॉ. मनमोहन सिंह ने लिखा था कि कोरोना संक्रमण से सुरक्षा का एक ही उपाय है और वो है संपूर्ण टीकाकरण। पूर्व प्रधानमंत्री ने लिखा था कि देश में कोरोना वैक्सीनेशन की रफ्तार बढ़ानी होगी। यही नहीं, पूर्व प्रधानमंत्री ने ये भी लिखा था कि हमें कितने लोगों को वैक्सीन लगा दिया गया है, इसकी संख्या के मोह में पड़ने की बजाय जनसंख्या के कितने फीसदी लोगों को वैक्सीन लगा दिया गया है इसकी पड़ताल करनी चाहिए। 

कोरोना को लेकर हुई केंद्र की आलोचना
दरअसल, कांग्रेस पार्टी की शीर्ष नीति निर्धारक इकाई कांग्रेस कार्यसमिति यानी सीडब्ल्यूसी ने मीटिंग की थी। इसमें कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित पार्टी के तमाम बड़े नेता शामिल हुए थे। इसमें कांग्रेस कार्यसमिति ने केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। पार्टी नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा कोरोना की रोकथाम के लिए किया गया आरंभिक प्रयास सतही था।

पार्टी नेताओं ने ये भी कहा कि जब कोरोना से बचाव के लिए कोई वैक्सीन या दवा नहीं थी तब केवल ट्रैकिंग, टेस्टिंग, ट्रीटमेंट के जरिए ही इससे बचा जा सकता था। अब भारतीय जनता पार्टी ने इसका जवाब दिया है। उल्टा कांग्रेस से सवाल भी पूछा है। 

भारत में कोरोना संक्रमण से हालात बेकाबू
बता दें कि भारत में कोरोना संक्रमण की वजह से हालात बेकाबू हो चुके हैं। बीते 24 घंटे में भारत में 2 लाख 73 हजार 810 नए कोरोना मरीज मिले हैं। सोलह सौ से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या 18 लाख का आंकड़ा पार कर चुकी है। अब तक देश में 1 लाख 78 हजार से ज्यादा कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। इस बीच कई हॉस्पिटल बेड और ऑक्सीजन की कमी का सामना कर रहे हैं। चुनावी रैलियां जारी है। विपक्षी दल पीएम मोदी की आलोचना कर रहे हैं।