logo

किसानों को धान बीज की होगी होम डिलीवरी, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने दी जानकारी

8509news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
झारखंड में किसानों को सही समय पर उचित कीमतों में धान का बीज उपलब्ध कराया जायेगा। कोरोना महामारी जैसी विषम परिस्थिति में भी इसमें कोई रूकावट नहीं आयेगी। इसके लिए पहले चरण में 44 हजार क्विंटर धान बीज की खरीदारी का ऑर्डर दिया जा चुका है। ये बातें झारखंड के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कही। उन्होंने कहा कि कई जिलों में धान का बीज पहुंचाया जा चुका है। 

महामारी में नहीं रूकेगा धान बीज का वितरण
कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि कोरोना महामारी के बीच भी किसानों को बीज उपलब्ध कराने के काम में रूकावट नहीं आने दिया जायेगा। प्रदेश के कई जिलों में धान का बीज पहुंचाया जा चुका है। जल्द ही किसानों के बीच इनके वितरण का काम शुरू किया जाएगा। कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने रांची में आयोजित प्रेस वार्ता में ये बातें कहीं। कृषि मंत्री ने बताया कि किसानों की सहूलियत के लिए विभाग की तरफ से कैलेंडर बनाया गया है। 25 मई को राज्य में सभी प्रखंडों में बीज उत्सव मनाया जाना  था लेकिन इसे स्थगित किया गया। ऐसा 20 साल में पहली बार हो रहा है। 

किसानों को धान बीज की डोम डिलीवरी होगी
कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि धान का बीज डिलिवीरी सिस्टम के माध्यम से किसानों तक पहुंचाया जाएगा। 12 मई से गोड्डा जिला में बीज उपलब्ध कराने के साथ ही वितरण का काम भी शुरू किया जा चुका है। कृषि मंत्री ने बताया कि राज्य में पहले चरण में किसानों के लिए 4 हजार 288 क्विंटल धान बीज उपलब्ध करवाया गया है। उन्होंने कहा कि रोहिणी नक्षत्र को धान की रोपाई के लिए सबसे उपयुक्त समय माना जाता है। 25 मई तक किसानों को बीज उपलब्ध करा दिया जायेगा। 

किसानों को खाद भी उपलब्ध करायेगी सरकार
कृषि मंत्री ने बताया कि धान बीज की खरीद में किसानों को पचास फीसदी की सब्सिडी दी जा रही है। कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ उठायें। जानकारी के मुताबिक लैम्पस-पैक्स की ओर से की गई मांग के मुताबिक प्राथमिकता के आधार पर बीज उपलब्ध करवाया जाता है। कृषि मंत्री ने कहा कि खाद की भी जरूरत होगी। राज्य सरकार किसानों को समुचित कीमत पर खाद भी उपलब्ध कराएगी।