द फॉलोअप टीम, रांची
झारखंड के होमगार्ड जवान अक्टूबर माह से पूरे राज्य में धरना-प्रदर्शन करने का मूड बना लिया है। अपनी मांगों को लेकर फिलहाल अलग- अलग संगठनों के लोग आपस में आंदोलन की रूपरेखा तय कर रहे हैं। झारखंड होमगार्ड जवान भी बिहार की तर्ज हर भत्ता और सुविधा की मांग कर रहे हैं।
सरकार ने कहा- अभी कोई विचार नहीं हुआ है
बीजेपी विधायक किशुन कुमार दास ने होमगार्ड जवानों के संबंध में विधानसभा में सवाल पूछा था कि क्या झारखंड में भी होमगार्ड जवानों को बिहार की तर्ज पर वेतन सहित अन्य सुविधाएं मिलेंगी। इस सवाल के जवाब में राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि बिहार सरकार की तर्ज पर होमगार्ड जवानों को भविष्य निधि योजना, कर्मचारी पेंशन योजना, कर्मचारी निक्षेप सहबद्ध बीमा योजना का लाभ देने का कोई प्रस्ताव सरकार के पास विचाराधीन नहीं है।
हाईकोर्ट ने दिया था समान वेतन देने का आदेश
विधानसभा को भेजे गए जवाब में बताया गया है कि होमगार्ड जवानों को पुलिसकर्मियों के समान वेतन देने का आदेश हाईकोर्ट ने दिया था। लेकिन सरकार इस आदेश के खिलाफ एलपीए में गई है। अब न्यायालय का आदेश आने के बाद ही कोई फैसला लिया जायेगा। गौरतलब है कि बिहार में होमगार्ड जवानों को कर्तव्य भत्ता के रूप में रोजना 774 रुपये का भुगतान होता है। वहीं, झारखंड में होमगार्ड जवानों को 1 अप्रैल 2019 से महज 500 रुपये कर्तव्य भत्ता का भुगतान प्रतिदिन होता है।
आंदोलन की चेतावनी
झारखंड रक्षा वाहिनी स्वयंसेवक संघ के प्रदेश अध्यक्ष शशिभूषण पाण्डेय ने कहा कि सरकार के जवाब से हम संतुष्ट नहीं हैं। कोर्ट के आदेश के बावजूद सरकार का निर्णय हमारा मनोबल तोड़नेवाला है। इसको लेकर हम अगले माह से हर जिले में विरोध-प्रदर्शन करेंगे।