logo

जरूरतमंद लोगों के बीच फ्री भोजन बांट रहा 'इंडिया यंग फाउंडेशन', ऐसे उठायें सेवा का लाभ

8434news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

कोरोना काल में इंसानियत की रक्षा के लिए कई हाथ उठे। इन्हीं में से एक है इंडिया यंग फाउंडेशन। इंडिया यंग फाउंडेशन द्वारा उन परिवारों को फ्री भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है जिनके यहां तकरीबन सभी सदस्य कोरोना संक्रमित हैं। रिम्स और सदर अस्पताल में भी भोजन का वितरण किया जा रहा है। 

बीते पंद्रह दिन से काम कर रही है संस्था
इंडिया यंग फाउंडेशन के रांची जिला सचिव रजनीश पांडेय ने कहा कि बीते पंद्रह दिनों में उन तमाम घरों तक फ्री भोजन पहुंचाया गया जिनके यहां भोजन पकाना मुश्किल था। कोरोना संक्रमित परिवारों सहित रिम्स और सदर अस्पताल रांची में कोरोना संक्रमित मरीज और उनके तीमारदारों को भोजन उपलब्ध करवाया जाता है। फाउंडेशन ये सेवा बिलकुल फ्री मुहैया करवा रहा है। 

लोगों को दिया जाता है पौष्टिक भोजन
इंडिया यंग फाउंडेशन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री आर्यन दुद्वानी ने बताया कि जरूरतमंद लोगों के लिए संस्था के कार्यकर्ताओं द्वारा पौष्टिक भोजन तैयार करवाया जा रहा है। दो वक्त का खाना दिया जाता है। मरीजों को दोपहर और फिर रात का खाना दिया जाता है। उन्होंने बताया कि फ्री भोजन का उनका ये कार्यक्रम कोवि मील के नाम से चलाया जा रहा है। इसमें लोगों को 2 रोटी, चावल, सब्जी, आचार और सलाद दिया जाता है। जिन्हें भी खाना चाहिए उन्हें पहले इसकी सूचना देनी होती है। 
 
भोजन के लिए देनी होती है पूर्व सूचना
संस्था से मिली जानकारी के मुताबिक जिन्हें भी भोजन की आवश्यक्ता है उन्हें पहले ही बताना होगा। दोपहर के भोजन के लिए 12 बजे से पहले बताना होता है। खाने की डिलीवरी दोपहर डेढ़ से तीन बजे के बीच की जाती है। रात के खाने के लिए सूचना 4 बजे से पहले देनी होती है। रात के भोजन की डिलीवरी शाम 6 बजे से रात 9 बजे के बीच की जाती है। संस्था ने इसके लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। 

संस्था ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया
वैसे परिवार जिनके यहां सभी लोग बीमार हैं या फिर खाना बनाने वाला कोई नहीं है। वैसे मरीज जो किसी अन्य जिले से रिम्स या सदर अस्पताल रांची में इलाज के लिए आये हैं। उन्हें यदि भोजन चाहिए तो संस्था ने इसके लिए हेल्पलाइन भी जारी किया है। (7654947547, 8877173851 , 9570035235) इन नंबरो पर संपर्क साध कर भोजन के लिए ऑर्डर दिया जा सकता है।