द फॉलोअप टीम, नई दिल्ली:
भारतीय नौसेना ने नशे की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। नौसेना ने बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों का जखीरा बरामद किया है। कहा जा रहा है कि इसकी कीमत भारतीय रूपयों में तकरीबन 3 हजार करोड़ रुपये है। नौसेना ने अरब सागर में ये कार्रवाई की।
मछली पकड़ने वाले जहाज में नशे का जखीरा
जानकारी के मुताबिक पिछले कुछ समय से अरब सागर के रास्ते भारत में नशीले पदार्थों का आयात किया जा रहा है। भारतीय तटरक्षक दल और भारतीय नौसेना की टीम लगातार नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी सिलसिले में नौसेना को सूचना मिली की मछली पकड़ने वाले एक जहाज के जरिए नशीले पदार्थ का जखीरा चढ़ाया जा रहा है। सूचना के आधार पर नौसेना ने कार्रवाई की।
पाकिस्तानी नशा तस्करों को भी पकड़ा गया
बता दें कि कुछ दिन पहले गुजरात के सूरत तट पर भारतीय तटरक्षक दल और गुजरात एटीएस की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल की थी। उस दिन इंडियन कोस्ट गार्ड और गुजरात एटीएस की टीम ने नशे का बड़ा जखीरा बरामद किया था। टीम ने 8 पाकिस्तानी नागरिकों को भी हिरासत में लिया था। पाकिस्तानी नागरिक बीते कई दिनों से तस्करी में लिप्त थे।