logo

साइबर ठगों के खिलाफ जामताड़ा पुलिस को बड़ी कामयाबी, 1 साल में 240 अपराधियों को भेजा जेल

14175news.jpg

द फॉलोअप टीम, जामताड़ा: 

साइबर अपराध पर अंकुश लगाने और साइबर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने में बीते 1 वर्ष में जामताड़ा साइबर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसपी दीपक कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में सितंबर 2020 से सितंबर 2021 के बीच 240 साइबर अपराधी सलाखों के पीछे धकेले गए। 

4 लाख रुपये अब तक बरामद किया गया
पुलिस की सबसे बड़ी उपलब्धि रही कि इस दौरान लगभग 54 लाख रुपए साइबर अपराधियों के घर से बरामद किए गए हैं। साथ ही साइबर अपराध के जरिए करोड़ों की संपत्ति अर्जित करने वाले 13 साइबर अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए ईडी को एसपी स्तर से रिपोर्ट किया गया है।

साइबर क्राइम के लिए कुख्यात जामताड़ा
साइबर अपराध को लेकर झारखंड का जामताड़ा जिला पूरे देश में कुख्यात हो गया है। देश का ऐसा कोई राज्य नहीं है और उस राज्य का ऐसा कोई जिला नहीं है जहां कि पुलिस साइबर अपराधियों की दबिश के लिए जामताड़ा नहीं पहुंची हो। देश के विभिन्न हिस्सों में जामताड़ा के कर्माटांड़ नारायणपुर क्षेत्र के साइबर अपराधियों ने साधारण लोग से लेकर बड़ी बड़ी हस्ती तक को शिकार बनाया है। इनके झांसे में न्यायिक पदाधिकारी से लेकर प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी, सांसद सहित कई तबके के लोगों ने अपनी गाढ़ी कमाई गंवाई है।

पुलिस ने 1 साल में कई सफलता हासिल की
1 साल के दौरान पुलिस को कई प्रकार की सफलता हाथ लगी है। बता दें कि 1 वर्ष में कुल 96 केस साइबर अपराधियों के विरुद्ध जामताड़ा साइबर थाना में दर्ज किया गया है। जिसमें 240 अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है। इस 1 वर्ष के दौरान 53 लाख 99 हजार 90 रुपए साइबर अपराधियों के घर से रेड के दौरान जप्त किए गए हैं। इसके साथ ही दस चार पहिया वाहन, 44 बाइक, 521 मोबाइल, 1016 सिम कार्ड, 139 एटीएम कार्ड, 89 पासबुक बरामद किया है। बता दें कि सबसे बड़ी सफलता बीते अगस्त महीने में जामताड़ा साइबर थाना पुलिस को हाथ लगी है। साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरेंद्र कुमार राय की अगुवाई में छापेमारी की गई जिसमें कांड संख्या 54/21 के अभियुक्त के घर से 21 लाख रुपए नगद बरामद हुआ था। यह अब तक के झारखंड राज्य की सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

तैयार हो रही है साइबर अपराधियों की सूचना
वहीं पुलिस की ओर से करोड़पति साइबर अपराधियों की सूची तैयार की जा रही है। साइबर अपराध के जरिए करोड़ों की संपत्ति अर्जित करने वाले अब तक 13 साइबर अपराधियों की सूची कार्रवाई के लिए एसपी के निर्देश पर ईडी को भेजा जा चुका है। साथी वैसे करोड़पति साइबर अपराधियों की सूची तैयार करने के लिए एसपी के निर्देश पर सर्वे का काम किया जा रहा है। जिसकी संपत्ति को ज़ब्त करने के लिए ईडी आयकर विभाग को भेजने की तैयारी विभाग कर रही है।

अपराधियों का सर्वे भी करवाया जा रहा है
एसपी दीपक कुमार सिन्हा ने बताया कि पुलिस की ओर से साइबर अपराध के जरिए अकूत संपत्ति अर्जित करने वाले अपराधियों के संपत्तियों का सर्वे किया जा रहा है। उसकी सूची तैयार कर कार्रवाई के लिए ईडी और आयकर विभाग को रिपोर्ट भेजा जाएगा ताकि पुलिसिया कार्रवाई के साथ वैधानिक कार्रवाई भी हो सके।