logo

आज JDU को मिलेगा नया अध्यक्ष! सीएम नीतीश कुमार की मौजूदगी में होगी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक

11361news.jpg

द फॉलोअप टीम, पटना: 

बिहार की सियासत में हलचल तेज है। आज यानी शनिवार को जनता दल यूनाइटेड की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होने वाली है। जंतर-मंतर स्थित पार्टी कार्यालय में शाम 4 बजे से बैठक होगी। मिली जानकारी के मुताबिक इस बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल होंगे। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले दिन के 11 बजे जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह के साथ राष्ट्रीय पदाधिकारियो की अलग से बैठक होगी। 

 

जंतर-मंतर स्थित पार्टी कार्यालय में होगी बैठक
पार्टी अध्यक्ष आरसीपी संह के साथ राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक के बाद दोपहर तकरीबन 3 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जेडीयू के सांसद मुलाकात करेंगे। इसके बाद राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी। इस बैठक में जनता दल यूनाइटेड के देश भर से तमाम शीर्ष नेता शामिल होंगे। सूत्रों का कहना है कि आज जेडीयू को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष भी मिल सकता है। निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह के केंद्र मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पार्टी द्वारा बुलाई गई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में इसका फैसला होने की काफी उम्मीद है। 

बैठक के लिए दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
अलग-अलग स्त्रोतों से मिली जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री और पार्टी ने नेता नीतीश कुमार राजधानी दिल्ली में ही हैं .नीतीश कुमार की मौजूदगी में राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव भी अहम फैसला होगा। गौरतलब है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष में बदलाव को लेकर पार्टी की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सीएम नीतीश कुमार ने भी इस बाबत पूछे गए सवाल का कोई सीधा जवाब नहीं दिया। 

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले भी बैठक
गौरतलब है कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले होने वाली बैठक में में राष्ट्रीय अध्य़क्ष आरसीपी सिंह, संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, प्रधान महासचिव केसी त्यागी, राष्ट्रीय महासचिव रामनाथ ठाकुर, संजय कुमार झा, गुलाम रसूल बलियावी, अफाक अहमद खान, रामसेवक सिंह, राष्ट्रीय सचिव विद्यासागर निषाद, संजय वर्मा, आरपी मंडल, कोषाध्यक्ष व सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन आदि शिरकत करेंगे। इसमें पार्टी के महत्वपूर्ण एजेंडे पर भी चर्चा होगी। 

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में मिलेगा नया अध्यक्ष
पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी औऱ राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह की अध्यक्षता में दोपहर 4 बजे से शुरू होगी। इस बैठक में तमाम राष्ट्रीय पदाधिकारी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी सदस्य, ललन सिहं समेत तमाम सांसद, 2 दर्जन से ज्यादा जदयू प्रदश अध्यक्ष शामिल होंगे। बैठक में यूपी, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर, और गोवा विधानसभा चुनाव मे जदयू के शामिल होने को लेकर भी फैसला किया जाएगा।