logo

वैक्सीन को लेकर राहुल गांधी ने क्या कहा कि BJP नेता भड़क गए, देखिए! किसने क्या कहा

10380news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

भारत में कोरोना टीकाकऱण जारी है। 21 जून से देश में फ्री वैक्सीनेशन की शुरुआत हो चुकी है। इस बीच वैक्सीनेशन को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष में खींचतान जारी है। ट्विटर वॉर हो रहा है। टीकाकरण को लेकर केंद्र सरकार और राज्यों के बीच भी विवाद है। झारखंड सरकार बराबर केंद्र सरकार पर वैक्सीन की आपूर्ति में भेदभाव का आरोप लगाती आई है। इस बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने वैक्सीन पर कुछ ऐसा कहा कि बवाल हो गया। 

राहुल गांधी ने ट्वीट में ऐसा क्या लिखा था! 
शुक्रवार 2 जुलाई को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट किया। लिखा कि जुलाई आ गया है लेकिन वैक्सीन नहीं आई। दरअसल, जुलाई महीने में केंद्र ने कई राज्यों में वैक्सीन आपूर्ति का आश्वासन दिया था। राज्यों का कहना है कि उनको उस मात्रा में वैक्सीन की आपूर्ति नहीं की गई जिस मात्रा में वैक्सीन की आपूर्ति की जानी चाहिए थी। हूल दिवस के दिन झामुमो के राष्ट्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा था कि हमें 90 लाख डोज की आवश्यक्ता है। शुकवार को कोविशील्ड का छह लाख डोज आया। शायद राहुल गांधी का ट्वीट इसी आलोक में था जिस पर सियासी घमासान छिड़ गया। 

कांग्रेस के शहजादे का दिमाग विदेश गया है! 
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से राहुल गांधी के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए लिखा कि कांग्रेस के शहजादे राहुल जी का शरीर तो देश में है लेकिन उनका दिमाग अभी भी विदेश में छुट्टियां मना रहा है। कोरोना की वैक्सीन तो कब की आ गई लेकिन आपके भ्रम फैलाने वाले प्रोपेगेंडा को रोकने वाली वैक्सीन अभी तक नहीं आई। आपका बयान दुर्भाग्यपूर्ण है।

बाबूलाल मरांडी ने भी राहुल गांधी पर साधा निशाना
झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री और प्रदेश में बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने भी राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया। बाबूलाल मरांडी ने भी राहुल गांधी को टैग करते हुए लिखा कि देश में अब तक 34 करोड़ से भी ज्यादा लोगों को टीका दिया जा चुका है। दुनिया के सबसे बड़े निशुल्क टीकाकरण अभियान में भारत अब अमेरिका को भी पीछे छोड़ चुका है लेकिन, राहुल गांदी को कुछ भी दिखाई नहीं देता। दरअसल टीके को लेकर लोगों को भ्रमित  करने की मंशा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की शुरू से ही रही है। बाबूलाल का ये ट्वीट काफी वायरल हो रहा है। 

स्मृति ईरानी ने भी किया जोरदार पलटवार
इस बीच 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी लोकसभा सीट से राहुल गांधी को हराने वाली स्मृति ईरानी ने भी राहुल गांधी के ट्वीट पर पलटवार किया। स्मृति ईरानी ने लिखा कि  12 करोड़ वैक्सीन के डोज़ प्रदेश सरकारों को उपलब्ध कराए जाएंगे जुलाई माह में। राज्य सरकारों को 15 दिन पहले ही जुलाई की वैक्सीन सप्लाई के बारे में बताया गया है, शायद वैक्सीन की मुनाफ़ाख़ोरी में व्यस्त कांग्रेस सरकारों ने इन्हें जानकारी नहीं दी। ना जाने महाशय नींद से कब जागेंगे! 

देश में जारी है नागरिकों का फ्री वैक्सीनेशन
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भारत में टीकाकरण अभियान की शुरुआत 16 जनवरी से की गई थी। पहले चरण में कोरोना फ्रंटलाईन वर्कर्स को टीकाकरण में प्राथमिकता दी गई थी। 1 अप्रैल से वैक्सीनेशन का दूसरा चरण शुरू किया गया जिसमें 45 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को भी प्राथमिकता दी गई। 1 मई से वैक्सीनेशन का तीसरा चरण शुरू किया गया जिसमें 18 वर्ष से अधिक आयु वाले सभी नागरिकों का टीकाकरण किया जाने लगा। इस बीच लगातार राज्यों की ओर से मांग उठती रही कि वैक्सीनेशन फ्री होना चाहिए। आखिरकार पीएम मोदी ने सात जून को घोषणा की कि सभी नागरिकों का टीकाकरण मुफ्त में दिया जाएगा।