logo

झारखंड कैडर के अधिकारी राजीव कुमार होंगे नए चुनाव आयुक्त, अशोक लवासा की लेंगे जगह

911news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली
झारखंड कैडर के अधिकारी राजीव कुमार भारत के नए चुनाव आयुक्त होंगे। राजीव कुमार अशोक लवासा की जगह लेंगे। शुक्रवार को विधि मंत्रालय ने उनके नाम पर अपनी मुहर लगा दी। यानी अधिसूचना जारी कर दी गई। राजीव कुमार भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1984 बैच के झारखंड कैडर अधिकारी है। राजीव कुमार पूर्व वित्त सचिव भी हैं। अशोक लवासा 31 अगस्त को अपने कार्यभार से मुक्त हो रहे हैं। विधि मंत्रालय ने साफ किया है कि राजीव कुमार की नियुक्ति अशोक लवासा के कार्यकाल खत्म होने के बाद से लागू होगी। अशोक लवासा को एशियन डेवलपमेंट बैंक में उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

साढ़े 4 साल का होगा कार्यकाल
राजीव कुमार का कार्यकाल साढ़े 4 साल का होगा। यानी कहा जा सकता है कि 2024 का लोकसभा चुनाव राजीव कुमार के नेतृत्व में होगा। पूर्व वित्त सचिव और झारखंड कैडर के पूर्व आईएएस राजीव कुमार को राष्ट्र्पति ने चुनाव आयुक्त नियुक्त किया है। राजीव कुमार चुनाव आयोग में दूसरे चुनाव आयुक्त होंगे। फिलहाल राजीव कुमार PSEB के चैयरमैन पद पर कार्यरत हैं। 

2024 तक CEC होंगे राजीव कुमार 
अबतक चली आ रही परंपरा के मुताबिक 2024 के लोकसभा चुनाव तक राजीव कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त होंगे, क्योंकि तब तक मौजूदा मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा और चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा अपना कार्यकाल पूरा कर चुके होंगे। सुनील अरोड़ा के बाद मौजूदा चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा मुख्य चुनाव आयुक्त बनेंगे और इसके बाद राजीव कुमार का नंबर आएगा। हालांकि चुनाव आयुक्त के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त बनने के लिये राष्ट्र्पति की तरफ से औपचारिक नियुक्ति की जाती है, लेकिन परम्परा के अनुसार वरिष्ठ चुनाव आयुक्त ही अगला मुख्य चुनाव आयुक्त बनता रहा है। 

अशोक लवासा ने दिया था इस्तीफा
चुनाव आयुक्त अशोक लवासा ने पिछले दिनों अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। अशोक वह एडीबी में दिवाकर गुप्ता का स्थान लेंगे। अशोक लवासा को जनवरी 2018 में चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया था। निर्वाचन आयोग के इतिहास में लवासा दूसरे ऐसे आयुक्त होंगे जिन्हें कार्यकाल पूरा करने से पहले ही इस्तीफा देकर जाना पड़ रहा है। लवासा से पहले 1973 में मुख्य निर्वाचन आयुक्त नागेन्द्र सिंह ने तब इस्तीफा दिया था, जब उनको अंतरराष्ट्रीय न्यायिक अदालत में जज बनाया गया था। अगर सब कुछ सही रहता तो लवासा अगले साल अप्रैल 2021 में मुख्य निर्वाचन आयुक्त बनते और 2022 अक्टूबर तक यूपी, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में विधानसभा के चुनाव कराते। पूर्व चुनाव आयुक्त लवासा इससे पहले भारत के केंद्रीय वित्त सचिव, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में सचिव और नागर विमानन मंत्रालय के सचिव सहित कई वरिष्ठ पदों पर कार्य कर चुके हैं।